जॉन अब्राहम की अटैक पार्ट 1 की नई रिलीज़ डेट अनाउंस, पहले होना था अक्षय कुमार से क्लैश
बॉलीवुड में एक बार फिर से फिल्मों की नई रिलीज़ डेट का एलान शुरू हो चुका है और अब इस कड़ी में एक और फिल्म जुड़ चुकी है। जॉन अब्राहम ने अपनी फिल्म अटैक की रिलीज़ डेट का एलान कर दिया है। अटैक का पहला पार्ट 1 अप्रैल को रिलीज़ हो रहा है। फिल्म में जॉन अब्राहम के साथ मुख्य भूमिका में हैं रकुल प्रीत सिंह और जैकलीन फर्नांडीज़।
पहले, अटैक की रिलीज़ डेट 26 जनवरी वीकेंड रखी गई थी और ये फिल्म अक्षय कुमार के साथ क्लैश होने वाली थी। दिलचस्प ये था कि ये जॉन अब्राहम और अक्षय कुमार का लगातार तीसरा क्लैश होता। लेकिन फिर कोरोना के चलते दोनों ही फिल्में पोस्टपोन कर दी गईं।

अब जॉन अब्राहम अपनी फिल्म की नई रिलीज़ डेट के साथ तैयार हैं। जॉन अब्राहम आखिरी बार सत्यमेव जयते 2 के साथ दिखाई दिए थे। ये फिल्म सलमान खान की अंतिम द फाईनल ट्रुथ के साथ क्लैश हुई थी लेकिन मिलाप झावेरी की इस फिल्म का काफी मज़ाक उड़ाया गया। फिल्म टिपिकल मसाला देशभक्ति फिल्म थी।
वहीं अटैक के साथ जॉन अब्राहम एक बार फिर से अपने एक्शन अवतार में वापस लौटने वाले हैं। फिल्म को प्रोड्यूस कर रही है जयंतीलाल गाड़ा की PEN स्टू़डियोज़।

अलग तरह की फिल्म
जॉन अब्राहम ने हाल ही में फिल्म के बारे में बात करते हुए बताया कि अटैक अलग तरह की एक्शन फिल्म है। एक तरफ ये फिल्म जहां भारत में आतंकवादियों के साथ किए जा रहे ट्रीटमेंट पर सवाल उठाती है वहीं ये एक देश के तौर पर भारत को अलग छवि में दिखाती है। फिल्म एक्शन के साथ एक साईंस फिक्शन कॉम्प्लेक्स ड्रामा है और इसलिए जॉन अब्राहम, दर्शकों का इस फिल्म के प्रति रिएक्शन देखने के लिए काफी ज़्यादा उत्साहित हैं।

पार्ट 2 भी तैयार
फिल्म के प्रोड्यूसर जयंतीलाल गाड़ा ने बताया कि एक तरफ जहां अटैक पार्ट 1 की रिलीज़ की तैयारी चल रही है वहीं जल्दी ही अटैक पार्ट 2 के पोस्ट प्रोडक्शन पर काम शुरू हो जाएगा। फिल्म में जॉन अब्राहम एक सुपर सोल्जर की भूमिका में हैं। फिल्म नए ज़माने के कॉन्सेप्ट के हिसाब से बनी है और इसका VFX का स्तर बेहतरीन है। उम्मीद की जा रही है कि ये फिल्म साईंस फिक्शन और एक्शन का नया स्तर बनाएगी।

Hostage Crisis पर बनी फिल्म
ये फिल्म hostage crisis पर बनी है। फिल्म का पोस्टर और रिलीज़ डेट जारी करते हुए जॉन अब्राहम ने लिखा - इस बार हमारी लड़ाई वक्त से है। फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं लक्ष्य राज आनंद। फिल्म एक ऐसे hostage crisis के बारे में है जो पूरे देश को घुटनों पर ले आती है। फिल्म में जॉन अब्राहम एक जांबाज़ पुलिस ऑफिसर की भूमिका में दिखाई देंगे।

26 जनवरी से पहले 15 अगस्त
इससे पहले, जॉन अब्राहम की इस फिल्म की रिलीज़ डेट 15 अगस्त 2020 रखी गई थी और ये अजय देवनग की फिल्म भुज - द प्राइड ऑफ इंडिया के साथ क्लैश होने वाली थी। लेकिन कोरोना ने ये प्लान फेल कर दिया। 2021 में कोरोना से हार मानते हुए, अजय देवगन ने अपनी फिल्म हॉटस्टार पर 15 अगस्त के ही दिन रिलीज़ कर दी। लेकिन जॉन अब्राहम ने अपने दर्शकों को निराश ना करते हुए थिएटर खुलने का इंतज़ार किया।

जॉन अब्राहम का देशभक्ति फ्लेवर
गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों से जॉन अब्राहम भी देशभक्ति फ्लेवर के साथ दिल जीत रहे हैं और अक्षय कुमार को कड़ी टक्कर भी दे रहे हैं। जॉन अब्राहम का देशभक्ति अवतार दर्शकों को इसलिए भी पसंद आ रहा है क्योंकि देशभक्ति के ड्रामा के साथ इन फिल्मों में भरपूर एक्शन और सस्पेंस का डोज़ भी मिल रहा है। ये शुरूआत जॉन अब्राहम ने मद्रास कैफ के साथ की थी, इसके बाद रोमियो अकबर वाल्टर और परमाणु की सफलता ने उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने का हौसला दिया।

हो सकता है क्लैश
गौरतलब है कि 1 अप्रैल को आर माधवन की फिल्म रॉकेट्री: द नाम्बी इफेक्ट के रिलीज़ होने के कयास लगाए जा रहे हैं क्योंकि फिल्म की रिलीज़ डेट यही अनाउंस की गई है। वहीं दूसरी तरफ, यशराज फिल्म्स के पिटारे में तैयार फिल्मों में से अब तक केवल एक ही फिल्म रिलीज़ हुई है - बंटी और बबली 2। यशराज फिल्म्स की बाकी तीन फिल्में - पृथ्वीराज, शमशेरा और जयेशभाई जोरदार रिलीज़ का इंतज़ार कर रही हैं और माना जा रहा है कि 1 अप्रैल को इन तीनों में से एक फिल्म रिलीज़ हो सकती है।


Click it and Unblock the Notifications











