Pathaan के प्रीक्वल को लेकर जॉन अब्राहम ने दिया हिंट, जिम की बैकस्टोरी दिखाएंगे आदित्य चोपड़ा!

John Abraham on Pathaan: आदित्य चोपड़ा के स्पाई यूनिवर्स ने पठान में जॉन अब्राहम उर्फ जिम के तौर पर अपने सबसे खतरनाक विलेन को पेश किया। एक देशभक्त से आतंकवादी बनने तक, जॉन को इस नेगेटिव क़िरदार में अपने शानदार अभिनय और एक्शन सीन्स के लिए लोगों से काफी तारीफ़ मिली है। अभिनेता को उम्मीद है कि आदित्य चोपड़ा, जो बड़े स्तर स्पाई यूनिवर्स को तैयार कर रहे हैं, वो जिम को वापस लेकर आएंगे और दुनिया के सामने उसकी कहानी भी रखेंगे।
जॉन कहते हैं, "पठान में जिम की भूमिका निभाने के लिए मुझे जो प्यार मिल रहा है, वह बहुत शानदार है। एक अभिनेता के तौर पर मैं केवल दर्शकों से प्यार पाने के लिए काम करता हूं। रिकॉर्ड्स और उपलब्धियां एक बहुत बड़ा बोनस होती हैं और मैं आभारी हूं कि पठान इतनी बड़ी ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर बनी है। मुझे उम्मीद नहीं थी कि लोग मेरे किरदार को इतना पसंद करेंगे कि वे जिम को और भी ज़्यादा देखना चाहेंगे।"
पठान का प्रीक्वल बनना चाहिए
उन्होंने बताया, "मैं अपने सोशल मीडिया पर रोज़ मिलने वाले मैसेजेज़ की तादाद देखकर हैरान हूं। लोगों का मानना है कि जिम का एक प्रीक्वल बनना चाहिए। अक्सर लोग हमेशा हीरो का साथ देते हैं, और वो हीरो है पठान.. लेकिन यहां बेहद सुकून देने वाली बात है कि लोग दुश्मन का भी साथ दे रहे हैं। मैं खुशकिस्मत हूं कि पठान में मेरे काम की बहुत चर्चा हो रही है और मुझे उम्मीद है कि मैं लोगों को एक ऐसा विलेन देने में कामयाब रहा हूं जिसे वे हमेशा याद रखेंगे।"
अच्छी बात होगी यदि आदित्य चोपड़ा उसे वापस लाएं
अपने किरदार के बारे में बताते हुए जॉन कहते हैं, "जिम एक नए अंदाज का विलेन है। उस दर्द की कल्पना करें जो उसने सहा है, उस चोट के बारे में सोचें जिसने उसे तोड़ दिया और उसे वो इंसान बना दिया जो वो आज है। मेरे लिए, जिम एक बहुत ज़बर्दस्त क़िरदार था और हां, यह बहुत अच्छी बात होगी अगर आदित्य चोपड़ा उसे वापस लाना चाहते हैं और दुनिया को बताना चाहते हैं कि वह कितना अच्छा सुपर-एजेंट था और बाद में वो एक ज़ालिम इंसान कैसे बन गया!"
लोगों के प्यार का शुक्रगुजार हूं
वे कहते हैं, "जैसा कि लूथरा पठान में कहते हैं, जिम और कबीर काम में सबसे अच्छे हैं। ऐसे में अगर जिम पर कोई फिल्म बनती है तो उसमें करने को बहुत कुछ हो सकता है। मुझे नहीं पता कि आदित्य चोपड़ा के मन में क्या चल रहा है। अभी तक, मैं उस प्यार का मज़ा ले रहा हूं जो मुझे मिल रहा है और मैं शुक्रगुजार हूं कि मैंने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।"


Click it and Unblock the Notifications
