'हेरा-फेरी 3' में दिखेगा अभिषेक-जॉन का 'दोस्ताना', अक्षय होंगे गायब!
साल 2000 में आई फिल्म 'हेरा-फेरी' ने बॉलीवुड में एक बार फिर कॉमेडी फिल्मों को ऊंचाई दी। 6 सालों के बाद फिर इस फिल्म की सीक्वल भी आई थी 'फिर हेरा-फेरी'। दोनों ही फिल्में सफल रही। लिहाजा, दर्शकों के बीच इस फिल्म की डिमांड देखते हुए निर्माताओं ने इसका तीसरे पार्ट पर भी काम शुरू कर दिया है।

आपको बता दें, 'हेरा-फेरी 3' में इस बार पुराने स्टारकास्ट के साथ अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम की जोड़ी देखने को मिलेगी। फिल्म 'दोस्ताना' में आई इस जोड़ी से हालांकि लोगों को बहुत प्यार है। दोस्ताना में भी इनकी जोड़ी को काफी पसंद किया गया था। लेकिन हेरा-फेरी सीक्वल में दर्शक इन्हें स्वीकार पाएंगे, इसमें शक है। इस फिल्म का निर्देशन नीरज वोहरा करेंगे, जबकि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला हैं।
हेरा-फेरी की दो फिल्मों में काम कर चुके अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी भी इस फिल्म में होगें। हालांकि, अक्षय कुमार के नाम की अभी पुष्टि नहीं हुई है। बहरहाल, पहली दो फिल्मों में दर्शकों ने इस तिकड़ी को खूब प्यार दिया था। अपने अनोखे संवादों और एक्टिंग से लोगों को लोटपोट करने वाले ये तीनों एक्टर्स हेरा-फेरी फिल्मों की जान हैं।
बहरहाल, फिल्म में एक्ट्रेस कौन होगीं इसके बारे में भी अभी कोई खुलासा नहीं किया गया है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक, फिल्म में किसी नए चेहरे को लिया जाएगा। जबकि ग्लैडरैग्स 2011 की विजेता साक्षी चौधरी जॉन अब्राहम की हिरोइन होंगी। आपको बता दें, 'हेरा फेरी' के पहले पार्ट में तब्बू एक्ट्रेस थीं, जबकि 'फिर हेरी फेरी' में रिमी सेन और बिपाशा बसु दिखी थीं।


Click it and Unblock the Notifications