Jhoome Jo Pathaan: 'शुरु में शाहरुख खान अपनी फिट बॉडी को दिखाने में थोड़ा शर्माते थे', बोले कोरियोग्राफर

Jhoome Jo Pathaan: चार साल के ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे शाहरुख खान अपनी हर लुक के साथ अपने फैंस के बीच उत्साह पैदा कर रहे हैं। यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित मेगा बजट फिल्म पठान का दूसरा गाना भी दर्शकों के सामने आ चुका है, जहां शाहरुख खान 6 पैक एब्स के साथ बाहें फैलाकर अपना सिग्नेचर पोज करते नजर आ रहे हैं।
इस गाने में किंग खान को कोरियोग्राफ करने वाले बॉस्को मार्टिस ने खुलासा किया कि गाने के एक सीक्वेंस में, हम खान साहब की पहचान या यूं कहें आइकॉनिक पोज के साथ उनकी फिट बॉडी को फ्लॉन्ट करना चाहते थे। शुरुआत में वे अपनी मस्कुलर बॉडी को दिखाने में थोड़ा शर्माते थे। हालांकि, अंतिम परिणाम और अब इस पर दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने के बाद, हम इस सीक्वेंस को शूट करने को लेकर रोमांचित हैं।
पठान को भारत की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म माना जा रहा है। ये फिल्म आदित्य चोपड़ा की महत्वाकांक्षी स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है, जिसमें शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम मुख्य किरदारों में हैं।
बॉस्को कहते हैं कि पठान के लिए हमारे देश के दो सबसे बड़े सुपरस्टार्स को कोरियोग्राफ करना एक सपना था। दीपिका और खान साहब दोनों ही बेहद समर्पित व्यक्ति हैं। शूटिंग शुरू करने से पहले उन्होंने कोरियोग्राफी पूरा करना सुनिश्चित किया। इसके लिए व्यस्त शेड्यूल के बावजूद, दीपिका और खान साहब दोनों ने पैक-अप के बाद हर रोज कुछ घंटों के लिए रिहर्सल की।
वे आगे कहते हैं कि सिद्दार्थ (आनंद) ने मुझे जो थोड़ी-बहुत जानकारी दी थी, वह गाने को कूल दिखाने और सहज सूफियाना डांस मूव्स के साथ स्टाइल के लिए थी। हालांकि, हम चाहते थे कि गाने में एक विशिष्ट और आकर्षक हुक-स्टेप हो।
सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित यह फिल्म 25 जनवरी, 2023 को हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होने के लिए तैयार है।


Click it and Unblock the Notifications