5 साल पहले आई सीरीज हुई वायरल! 4 एपिसोड में खड़े हो जाएंगे रोंगटे, यहां देखें 'Jeffrey Epstein Filthy Rich'
Jeffrey Epstein: Filthy Rich Trends Again on OTT: दुनिया भर में एक बार फिर जेफरी एपस्टीन का नाम सुर्खियों में है। साल 2026 में जारी किए गए गोपनीय दस्तावेजों ने उसके काले सच को दोबारा सामने ला दिया है। इन दस्तावेजों को 'एपस्टीन फाइल्स' कहा जा रहा है, जिनमें लाखों पन्ने, हजारों तस्वीरें और वीडियो शामिल हैं।

इन खुलासों ने न सिर्फ लोगों को झकझोर दिया है, बल्कि उस सिस्टम पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसने सालों तक एक अपराधी को संरक्षण दिया। इन्हीं नए खुलासों के बीच, एक पुरानी लेकिन बेहद अहम डॉक्यूमेंट्री एक बार फिर लोगों की नजरों में आ गई है।
फाइल्स से पहले ही दुनिया को दिखा दी थी सच्चाई
साल 2020 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई चार एपिसोड की डॉक्यूमेंट्री Jeffrey Epstein: Filthy Rich उस वक्त सामने आई थी, जब एपस्टीन केस पूरी तरह से दुनिया भर की बहस का हिस्सा नहीं बना था। यह सीरीज मशहूर लेखक जेम्स पैटरसन की किताब Filthy Rich पर आधारित है। रिलीज के समय यह डॉक्यूमेंट्री चर्चा में तो रही, लेकिन अब 2026 में सामने आए नए सबूतों के बाद दर्शक इसे दोबारा देखने लगे हैं, ताकि पूरे मामले की जड़ तक पहुंचा जा सके।
क्यों फिर ट्रेंड कर रही है यह डॉक्यूमेंट्री?
जैसे-जैसे एपस्टीन फाइल्स से नए दस्तावेज पब्लिक के सामने आ रहे हैं, लोग यह समझना चाहते हैं कि आखिर जेफरी एपस्टीन इतने सालों तक कानून से कैसे बचता रहा। यही वजह है कि Filthy Rich एक बार फिर नेटफ्लिक्स के टॉप ट्रेंडिंग सेक्शन में लौट आई है।
डॉक्यूमेंट्री एपस्टीन की 2019 में गिरफ्तारी, उसके नेटवर्क और जेल में हुई उसकी मौत तक की पूरी कहानी को सिलसिलेवार तरीके से सामने रखती है।
क्या दिखाया गया है Filthy Rich में?
डायरेक्टर लिसा ब्रायंट की डायरेक्टेड ये सीरीज किसी फिल्मी नाटकीयता का सहारा नहीं लेती। इसके बजाय, यह पीड़ितों की गवाही, कोर्ट डॉक्यूमेंट्स और असली जांच रिपोर्ट्स के जरिए कहानी बयां करती है।
चारों एपिसोड में दिखाया गया है कि कैसे एपस्टीन ने अपनी दौलत, रसूख और कानूनी दांव-पेंच का इस्तेमाल कर नाबालिग लड़कियों का शोषण किया और बार-बार सजा से बचता रहा। इस सीरीज में उसके प्राइवेट आइलैंड और ताकतवर लोगों से रिश्तों पर भी रोशनी डाली गई है।
पीड़ितों की आवाज को दी गई अहमियत
इस डॉक्यूमेंट्री की सबसे बड़ी ताकत यह है कि यह सनसनी नहीं फैलाती। यहां फोकस सिर्फ और सिर्फ पीड़ितों की कहानियों पर रखा गया है- उनका दर्द, उनका स्ट्रगल और न्याय पाने की उनकी लंबी लड़ाई। यह सीरीज दिखाती है कि कैसे बार-बार सच बोलने के बावजूद उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया और सिस्टम की खामियों ने अपराध को बढ़ावा दिया।
कहां देख सकते हैं यह डॉक्यूमेंट्री?
Jeffrey Epstein: Filthy Rich फिलहाल सिर्फ नेटफ्लिक्स पर अवेलेबल है। इसे देखने के लिए नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन होना जरूरी है। चारों एपिसोड एक साथ देखे जा सकते हैं, जिससे दर्शक पूरा मामला बिना किसी रुकावट समझ सकते हैं।
आज के दौर में क्यों है यह डॉक्यूमेंट्री जरूरी?
2026 में सामने आए नए सबूतों के बाद यह साफ हो गया है कि एपस्टीन मामला सिर्फ एक व्यक्ति का अपराध नहीं था, बल्कि यह सिस्टम, ताकत और चुप्पी की खतरनाक साठगांठ की कहानी है। जो लोग इस केस को सिर्फ सुर्खियों से आगे जाकर समझना चाहते हैं, उनके लिए Jeffrey Epstein: Filthy Rich आज भी सबसे अहम डॉक्यूमेंट्री में से एक है।


Click it and Unblock the Notifications











