जया बच्चन ने माफ़ी माँगी

मुंबई से प्रकाशित एक अख़बार को दिए इंटरव्यू में जया बच्चन ने कहा,'' अगर मेरे बयान से महाराष्ट्र के लोगों की भावनाएँ आहत हुईं हैं तो मैं इसके लिए माफ़ी मांगती हूँ.''
| अगर मेरे बयान से महाराष्ट्र के लोगों की भावनाएँ आहत हुईं हैं तो मैं इसके लिए माफ़ी मांगती हूँ |
जया बच्चन ने कहा कि 'द्रोण' की म्यूज़िक जारी करने के कार्यक्रम के दौरान हिंदी में बोलने के लिए कहने का उनका उद्देश्य सिर्फ़ ये था कि हम लोग हिंदी फ़िल्मों में काम करते हैं, इसलिए हम लोगों को हिंदी में बोलना चाहिए.
राज की धमकी
ग़ौरतलब है कि जया बच्चन के बयान पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के नेता राज ठाकरे ने धमकी दी थी कि अगर जया बच्चन कथित मराठी विरोधी बयान वापस नहीं लेती हैं तो बच्चन परिवार की फ़िल्मों का बहिष्कार होगा.
एमएनएनस नेता राज ठाकरे ने सोमवार को कहा था कि जया बच्चन को अपने बयान के लिए बिना शर्त माफ़ी माँगनी चाहिए और ऐसा नहीं होने तक उनकी पार्टी बच्चन परिवार के किसी सदस्य की फ़िल्म महाराष्ट्र में रिलीज़ नहीं होने देगी.
उन्होंने आह्वान किया था कि लोग उन उत्पादों का बहिष्कार करें जिनका बच्चन परिवार विज्ञापन करता है.
ग़ौरतलब है कि मुंबई में अपने बेटे अभिषेक बच्चन की आने वाली फ़िल्म द्रोण के प्रोमो लांच के दौरान जया बच्चन ने कहा था, " हम यूपी (उत्तर प्रदेश) के लोग हैं. हमें हिंदी में बात करनी चाहिए. उम्मीद है महाराष्ट्र के लोग हमें माफ़ कर देंगे."
उनके इस बयान पर विवाद खड़ा हो गया था. एमएनएस के साथ-साथ शिवसेना ने भी इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी.


Click it and Unblock the Notifications