बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर फटा जया प्रदा का कलेजा, बताया हिंदुत्व पर प्रहार

Jaya Prada On Dipu Chandra Bangladesh Hindu Lyching: बांग्लादेश में हुई मॉब लिंचिंग की घटनाओं को लेकर भारत में राजनीति तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, बॉलीवुड से जुड़ी कई हस्तियों ने भी इन घटनाओं पर नाराज़गी जताई है।
अभिनेत्री जया प्रदा ने बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की हत्या पर दुख और गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जो काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में जया प्रदा ने कहा कि यह घटना बहुत दर्दनाक है और सोचकर दिल दहल जाता है कि किसी इंसान के साथ इतनी बेरहमी कैसे हो सकती है। उन्होंने बताया कि दीपू चंद्र दास को भीड़ ने मार डाला और उसे पेड़ से बांधकर आग लगा दी। जया प्रदा ने इसे सिर्फ भीड़ की हिंसा नहीं, बल्कि हिंदू धर्म पर हमला बताया। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश में हिंदू मंदिरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और महिलाओं के साथ गलत व्यवहार हो रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर लोग कब तक चुप रहेंगे।
इससे पहले अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने भी बांग्लादेश में हो रही हिंसा पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि वहां जो हो रहा है, वह बहुत ही अमानवीय है और इसे नरसंहार कहा जाना चाहिए। जाह्नवी कपूर ने कहा कि अगर ऐसी घटनाओं को देखकर भी लोगों को गुस्सा नहीं आता, तो आगे चलकर यही सोच समाज को नुकसान पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है और सभी को इसे याद रखना चाहिए।
दीपू चंद्र दास की हत्या के बाद बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की मौत की खबर सामने आई है। बुधवार को राजबाड़ी जिले के होसेनडांगा गांव में 29 साल के अमृत मंडल उर्फ सम्राट को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। जानकारी के मुताबिक, वह गांव में कथित तौर पर पैसे मांगने गया था, जिसके बाद गांव वालों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया और उसकी मौत हो गई।
इन घटनाओं के बाद बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


Click it and Unblock the Notifications











