Jaya Bachchan की 3 क्लासिक फिल्मों के रीमेक की घोषणा, लेकिन फैंस हो गए नाराज, कहा- "क्यों बर्बाद करना है.."

Jaya Bachchan's 3 timeless classics remake announced: कहीं ना कहीं रीमेक शब्द से ही अब दर्शक ऊब चुके हैं। चाहे वो गानों को रिक्रएट करना हो या फिल्मों को, दर्शक इससे दूर भागते हैं। लेकिन बॉलीवुड इंडस्ट्री फिलहाल उस कड़ी को पकड़े हुए ही है और इसी बीच घोषणा हुई है 1970 के दशक की तीन क्लासिक फिल्मों के रीमेक की।
ये तीन फिल्में हैं- हृषिकेश मुखर्जी की 'मिली' और 'बावर्ची' और गुलज़ार निर्देशित 'कोशिश'। इनके रीमेक का निर्माण जादूगर फिल्म्स के अनुश्री मेहता और अबीर सेनगुप्ता द्वारा राज सिप्पी के साथ किया जाएगा। ये सभी फिल्में अभी अपने शुरुआती चरणों में है। जल्द ही इसके स्टारकास्ट की घोषणा की जा सकती है।
हृषिकेश मुखर्जी ने 1972 में राजेश खन्ना और जया बच्चन अभिनीत बावर्ची और अमिताभ बच्चन और जया बच्चन अभिनीत मिली (1975) का निर्देशन किया था। वहीं, कोशिश (1972) का निर्देशन प्रसिद्ध गीतकार-निर्देशक गुलज़ार ने किया था और इसमें संजीव कुमार के साथ जया बच्चन भी थीं।
तीनों ही फिल्में अपने कंटेंट की वजह से लोगों के दिल के बेहद करीब है। जहां कोशिश एक मार्मिक कहानी है, वहीं मिली और बावर्ची में इमोशन के साथ कॉमेडी की झलक भी है। लिहाजा, कोई शक नहीं कि इसके रीमेक को बनाना मेकर्स के लिए आसान नहीं होने वाला है।
फिलहाल इन फिल्मों के रीमेक की घोषणा पर ही नेटिजन्स ने काफी नाराजगी दिखाई है। एक यूजर ने लिखा- "बॉलीवुड को क्लासिक फिल्मों से दूर ही रहना चाहिए.." वहीं, एक अन्य ने लिखा- "मिली और कोशिश मेरी दो पसंदीदा फिल्में हैं। मैं बिल्कुल नहीं चाहती कि वे इन बेहद पसंदीदा क्लासिक्स का रीमेक बनाएं।"


Click it and Unblock the Notifications
