Murder Mubarak: पहली बार साथ आ रहे हैं जान्हवी कपूर और आदित्य रॉय कपूर, जानिए फिल्म की डीटेल्स

जान्हवी कपूर [Janhvi Kapoor] और आदित्य रॉय कपूर [Aditya Roy Kapur] जल्दी ही Murder Mubarak कहने जा रहे हैं। ये उनकी अगली फिल्म का नाम है जिसे दिनेश विजान प्रोड्यूस कर रहे हैं और होमी अदजानिया डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म में जान्हवी और आदित्य रॉय कपूर के साथ पंकज त्रिपाठी और डिंपल कपाड़िया भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म अनुजा चौहान के नॉवेल Club You to death पर आधारित है।
फिल्म की कहानी काफी दिलचस्प है, दिल्ली के एक बड़े और रसूखदार क्लब में एक ट्रेनर का मर्डर हो जाता है। पहले ये हादसा लगता है लेकिन बाद में पता चलता है कि ये मर्डर है और खूनी, क्लब का ही कोई मेंबर है। इसके बाद ये जांच सौंपी जाती है एसीपी भवानी सिंह को। फिल्म में एसीपी भवानी सिंह का किरदार निभा रहे हैं पंकज त्रिपाठी।
वहीं जान्हवी कपूर और आदित्य रॉय कपूर, एक ऐसे कपल की भूमिका में हैं जिनका ब्रेकअप हो चुका है लेकिन इस केस को सुलझाने में वो एक साथ एसीपी भवानी सिंह की मदद करेंगे। फिल्म में डिंपल कपाड़िया का किरदार क्या होगा, फिलहाल ये सामने नहीं आया है।

जल्दी शुरू करेंगी शूटिंग
जान्हवी कपूर, इस फिल्म की शूटिंग जल्दी ही शुरू करेंगी। फिलहाल वो धर्मा प्रोडक्शन्स के लिए राजकुमार राव के साथ मिस्टर एंड मिसेज़ माही की शूटिंग में व्यस्त हैं। हाल ही में उनकी फिल्म मिली रिलीज़ हुई है और इसे जान्हवी कपूर के करियर की बेस्ट फिल्म कहा जा रहा है। इससे पहले, जान्हवी इस साल डिज़्नी हॉटस्टार पर गुड लक जेरी नाम की फिल्म के साथ भी तारीफें बटोर चुकी हैं।

दूसरी बार आएगी जोड़ी
दिलचस्प है कि मर्डर मुबारक के साथ जहां पंकज त्रिपाठी और जान्हवी कपूर दूसरी बार साथ काम करेंगे वहीं दिनेश विजान और जान्हवी कपूर भी दूसरी बार साथ काम करेंगे। इससे पहले जान्हवी कपूर और दिनेश विजान, एक साथ रूही पर काम कर चुके हैं वहीं पंकज त्रिपाठी और जान्हवी कपूर, बाप - बेटी की जोड़ी के रूप में गुंजन सक्सेना द कारगिल गर्ल में नज़र आए हैं।

प्रोजेक्ट्स की है भरमार
इस समय जान्हवी कपूर के पास प्रोजेक्ट्स की भरमार है। जान्हवी कपूर आने वाले समय में वरूण धवन की नितेश तिवारी फिल्म बवाल में नज़र आएंगी। वहीं मिस्टर एंड मिसेज़ माही के बाद वो अक्षय कुमार और टाईगर श्रॉफ के साथ बड़े मियां छोटे मियां शुरू करेंगी।

द नाईट मैनेजर रीमेक
बात करें आदित्य रॉय कपूर की तो वो इस समय द नाईट मैनेजर रीमेक में ऋतिक रोशन को रिप्लेस कर चुके हैं। आदित्य रॉय कपूर इस पर काम भी शुरू कर चुके हैं और ये सीरीज़ उनका डिजिटल डेब्यू भी होगा। इसके अलावा, आदित्य रॉय कपूर, थडम रीमेक में भी फाईनल हो चुके हैं। वहीं हाल फिलहाल में उनका नाम कई फिल्मों से जोड़ा जा रहा है।

नहीं चला जादू
इस साल आदित्य रॉय कपूर ओम द बैटल विद इन नाम की एक फिल्म के साथ सिनेमाघरों में भी आए लेकिन इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पानी तक नहीं मांगा। फिल्म का नाम पहले केवल ओम था लेकिन रिलीज़ के ठीक पहले इसे बदला गया।

निजी ज़िंदगी से बटोर रहे सुर्खियां
आदित्य रॉय कपूर इस समय अपनी निजी ज़िंदगी की वजह से भी सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में उनका नाम अनन्या पांडे के साथ जोड़ा गया और माना जा रहा है कि दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। इस साल की दिवाली पार्टियों में भी दोनों को साथ देखा गया। अगर ये डेटिंग की खबरें सच हैं तो फैन्स इस कपल को परदे पर साथ देखने के लिए भी काफी उत्साहित हैं।


Click it and Unblock the Notifications











