मधुर भंडारकर की जेल

दीपक शर्मा
बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
लीक से हटकर समाज के सच को अपनी फ़िल्मों में पेश करने वाले मधुर भंडारकर इस बार सबका ध्यान चांदनी बार की बालाओं, पेज 3 के लोगों, ट्रैफिक की लाइट्स और फैशन की चकाचौंध से हटाकर जेल की चारदीवारों की ओर ले कर जा रहे हैं अपनी नई फ़िल्म जेल के ज़रिए.
मधुर कहते हैं, "फ़िल्म जेल के लिए मैंने करीब डेढ़ साल रिसर्च की और ये फिल्म काफी हद तक वास्तविकता पर आधारित है. ये कहानी है मध्यम वर्ग के उस नौजवान की है जो किसी कारणवश जेल में फंस जाता है और वहाँ उसे किस प्रकार के लोग मिलते हैं, किस तरह के हालात पेश आते हैं और उन हालात में उस का दृष्टिकोण कैसा रहता है".
जेल में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं नील नितिन मुकेश, मुग्धा गोडसे और मनोज बाजपाई. फ़िल्म में पराग दीक्षित नाम के मुख्य किरदार के लिए नील को ही क्यों चुना मधुर ने, ये पूछे जाने पर वे कहते हैं, "नील एक प्रतिभाशाली युवा कलाकार हैं और उन्हें सिनेमा कि अच्छी समझ है. इसके अलावा वो एक उभरते हुए कलाकार हैं, इसलिए अभी तक किसी छवि में नहीं बंधे हैं. पराग दीक्षित के किरदार के लिए मुझे एक ऐसे ही कलाकार कि तलाश थी."
वहीँ नील से जब बीबीसी ने पूछा कि मधुर भंडारकर के साथ काम करने का उनका अनुभव कैसा रहा, तो उन्होंने कहा, "तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके मधुर की तारीफ़ के लिए मेरे पास शब्द ही नहीं हैं. वो बहुत प्रतिभाशाली हैं और अपनी फिल्मों के लिए बहुत रिसर्च करते हैं. मधुर के साथ काम करना, अपने आप में ही एक बहुत बड़ी बात है. मुझे गर्व है की अपने करियर की शुरुआत में ही मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला."
फिल्म जेल में नील की सह-कलाकार मुग्धा गोडसे ने अपने रोल के बारे में बताया की वे एक सामान्य लड़की का किरदार निभा रही हैं जो बहुत शर्मीली है, मगर किस तरह वक़्त पड़ने पर, वो हिम्मत जुटा कर जेल की सलाखों के पीछे बंद अपने साथी के लिए लड़ती है. मुग्धा कहती हैं, "मैं मधुर भंडारकर के साथ फिल्म फैशन में काम कर चुकी हूँ और लोग इस बात पर ज़रूर ध्यान देंगे की मुग्धा में ऐसा क्या है कि मधुर ने उसे अब दोबारा मौका दिया है."
मधुर भंडारकर ने अपनी फिल्म जेल के लिए संगीत रचने का मौका दिया शमीर टंडन को, जो पहले भी मधुर की तीन फिल्मों में संगीतकार रह चुके हैं. शमीर और मधुर ने इस फिल्म में लता मंगेशकर से भी एक गीत गवाया है. शमीर का कहना है कि अस्सी साल की उम्र में भी लता जी उतने ही उत्साह से गाती हैं, जैसे पहले गाती थीं.


Click it and Unblock the Notifications