माइकल को श्रद्धांजलि
स्टेज पर ही अपना जीवन बिताने के सपने देखने वाले दुनिया के महान गायक माइकल जैक्सन की अंतिम यात्रा की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और बड़ी संख्या में लोग जमा हो रहे हैं.
जैक्सन को अलविदा कहने के लिए स्टीवी वंडर, मारिया कैरी, उसर, लियोनेल रिची, कोब ब्रायंट, जेनिफ़र हडसन और मार्टिन लूथर किंग III जैसी हस्तियां भी आ रही हैं.
जैक्सन को अलविदा कहने के लिए स्टेप्लस सेंटर में क़रीब 20000 लोग आ रहे हैं जिनका चुनाव लॉटरी से किया गया है.
परिवार के लोगों के लिए शवयात्रा की व्यवस्था फॉरेस्ट लॉन कब्रगाह में की गई है जहां कई लोग आ रहे हैं. पादरी जेसी जैक्सन ने बीबीसी को बताया कि परिवार के लोग जल्दी ही एक धार्मिक समारोह में जैक्सन को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. इस अवसर पर मारिया कैरी और स्टीवी वंडर अपने गीतों से जैक्सन को श्रद्धांजलि देंगे.
कुछ ही घंटों में शवयात्रा शुरु होगी और स्टेपल्स सेंटर पहुंचेगी जहां उनके फैन जमा हो रहे हैं.
जैक्सन को अलविदा कहने के लिए क़रीब दस लाख लोगों ने आवेदन किया था लेकिन लॉटरी के ज़रिए क़रीब नौ हज़ार लोगों को दो दो टिकट दिए गए हैं. कुछ लोगों को कलाई में बांधने वाले गोल्डन बैंड्स दिए गए हैं जो बाकी लोगों की ईर्ष्या का कारण बने हुए हैं.
हज़ारों की संख्या में वो लोग भी स्टेपल्स सेंटर पहुंच रहे हैं जिनके पास टिकट नहीं है. इनमें से एक ब्रिटेन की विक्की स्पेंसर का कहना था, ‘‘मैं बस यहां आना चाहती थी. मैं इसका हिस्सा बनना चाहती थी.’’
लास एंजल्स पुलिस विभाग का कहना है कि वो कोशिश कर रहे हैं कि भीड़ भाड़ वाली स्थिति न बने. पुलिस विभाग के सहायक पुलिस प्रमुख जिम मैक्डोनेल ने सीएनएन से कहा, ‘‘ यह भीड़ ऐसी होगी जो सही कारणों के लिए इकट्ठा होगी. मुझ लगता नहीं कि कोई दिकक्त वाली स्थिति पैदा होगी.’’
जैक्सन को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके दो बच्चों की मां और पूर्व पत्नी डेबी रो नहीं आ सकेंगी. डेबी की वकील ने बयान जारी कर कहा है कि डेबी पर मीडिया के अत्यधिक ध्यान के कारण वो श्रद्धांजलि में नहीं आएंगी और निजी स्तर पर जैक्सन के लिए शोक मनाएंगी.
जैक्सन की जानी मानी दोस्त एलिज़ाबेथ टेलर ने भी श्रद्धांजलि के मौके पर कुछ बोलने के प्रस्ताव को मना कर दिया है और कहा है, ‘‘ मैं नहीं मानती की माइकल ये कभी चाहते होंगे कि मैं अपना दुःख लाखों लोगों के साथ बांटू. जो मैं महसूस कर रही हूं वो मेरे और माइकल के बीच है.’’


Click it and Unblock the Notifications