Jackie Shroff का पुराना वीडियो वायरल, विश्व पर्यावरण दिवस पर नेटिजन्स ने किया जग्गू दादा को सलाम

Jackie Shroff old video on World Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आज सोशल मीडिया पर जैकी श्रॉफ का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जहां अभिनेता अपने दिलचस्प अंदाज में लोगों को पेड़ लगाने की सलाह दे रहे हैं। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर चार साल पुराना ये वीडियो एक बार फिर ट्रेंड कर रहा है।
इंडस्ट्री की कोई भी पार्टी हो, किसी का जन्मदिन हो या कोई लॉन्च हो.. जैकी श्रॉफ को अक्सर गमले में एक पौधे के साथ देखा जाता है। वो सभी को गिफ्ट में एक पौधा देते हैं। पर्यावरण को सुरक्षित रखने की ये उनकी अपनी एक अलग पहल है.. जिसे लोग काफी पसंद करते हैं।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, वो साल 2019 का है, जब जैकी श्रॉफ ने मुंबई में हुई एक पौधारोपण की मुहिम में हिस्सा लिया था। इसमें जैकी समेत अभिनेत्री काजोल और उनकी मां तनूजा मुख़र्जी ने भी हिस्सा लिया था।
पेड़ लगाकर मैंने किसी पर उपकार नहीं किया है
वीडियो में जैकी श्रॉफ मीडिया से बात करते नजर आ रहे हैं, जो कहते हैं, "झाड़ लगा के मैंने कोई उपकार नहीं किया हिंदुस्तान पे ना दुनिया पे। सब का काम है लगाने का, लगाओ। नहीं लगाने का है, तो मरो जा के। वही होने वाला है; अपुन को अपने बच्चे के बच्चे का सोचने का है। अपुन तो आधा कब्र में है। बाकी भी तो आएंगे अपने टाइगर; अपना टाइगर बाबा का भी छोटा टाइगर आएगा; आप लोगों का आएगा। सब टाइगर घर में है... तो समझा करो भिड़ू, उनके लिए अपने को छोड़ने का है.. खाना सही, पानी सही, हवा सही.. बाकी लोगों के दिमाग में जहर वैसे ही कम हो जाएगा... यही तो मैं हूं कह रहा। मेरे को बोलने को नहीं आता..."
जिस साफ शब्दों में जैकी श्रॉफ ने पेड़ लगाने की बात की है, वो सोशल मीडिया पर लोग खूब पसंद करते हैं। यही वजह है कि समय समय पर ये वीडियो ट्रेंड में आती रहती है।


Click it and Unblock the Notifications











