जब तक है जान: खूबसूरत वादियां. सफेद साड़ी और बेपनाह मुहब्बत
फिल्मी कैनवस पर प्यार की खूबसूरत दास्तां लिखने वाले निर्माता निर्देशक यश चोपड़ा लंबे अरसे के बाद फिल्म निर्माण में उतर रहे हैं। जाहिर है दिल से काम करने वाले यश चोपड़ा फिर से पर्दे पर मुहब्बत की ही बात करेंगे इसलिए इस बार वो लेकर आ रहे हैं फिल्म जब तक है जान। फिल्म में यश चोपड़ा के चहेते सितारे शाहरूख खान और खबूसूरत कैटरीना और अनुष्का हैं।
यश की फिल्मों की खास बात रही है कि उनकी अभिनेत्रियां सफेद सा़ड़ियां पहनती हैं, बारिश में भीगती हैं और उनका नायक बेपनाह लोगों से प्यार करता है और दिल को छू लेने वाली शायरी और गजल कहता है। चाहे वो फिल्म कभी-कभी के अमिताभ हों या फिर चांदनी के ऋषि कपूर, फिल्म दाग के राजेश खन्ना हों या फिर दिल तो पागल है कि शाहरूख खान. हर कोई केवल दिल की बातें करता है।
यही हाल यश की नायिकाओं का भी है फिल्म कभी-कभी की राखी को ले लीजिये या फिर दाग की शर्मिला टैगोर को, फिल्म चांदनी की श्रीदेवी की बात करें या फिर दिल तो पागल है कि माधुरी दीक्षित का जिक्र करें , हर जगह यश ने अपनी नायिकाओं को सफेद लिबास में बेहद ही सुंदर दिखाने की कोशिश की है और वो सफल भी हुए हैं। यह यश चोपड़ा का जौहर ही है जो सफेद रंग जैसे बेरंग को रंगदार कर देता है।
इन सब के अलावा एक चीज और जो यश चोपड़ा की फिल्मों में दिखती है वो है सुंदर वादियां और खूबसूरत संगीत। 90 से पहले की फिल्मों में यश अपने प्यार को दर्शाने के लिए कश्मीर को चुनते थे जबकि 90 के बाद वो कश्मीर ना जाकर स्वीटजरलैंड जाने लगे क्योंकि कश्मीर में शूटिंग पर पाबंदी जो लग गयी थी। मोहक वादियों के बीच जब दिल छू लेने वाला संगीत बजता है तो फिल्म अपने आप हिट हो जाती है।
कुछ ऐसा ही इस बार भी दर्शक अपने चहेते निर्माता-निर्देशक से मांग रहे हैं। एक बार फिर से मधुर संगीत, खूबसूरत वादियां. सफेद साड़ी और बेपनाह मुहब्बत की लोगों को उम्मीद लगाये बैठे हैं। अब इस मांग को यश चोपड़ा किस हद तक पूरा कर पाते हैं यह तो दीवाली पर पता चलेगा जब फिल्म जब तक है जान..सिनेमा घरों में पहुचेगी।


Click it and Unblock the Notifications