'फास्ट एंड फ्यूरियस 7' में मेरी अतिथि भूमिका : अली फजल
अभिनेता अली फजल स्वीकारते हैं कि उन्हें फिल्म 'फास्ट एंड फ्यूरियस 7' में एक भूमिका के रूप में 'बड़ा मौका' मिला है। लेकिन वह कहते हैं कि इसके चलते वह हवा में नहीं उड़ने वाले हैं। अली ने आईएएनएस को बताया, "इस फिल्म का हिस्सा बनकर मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं और खुश हूं।
यह एक अतिथि भूमिका है और मेरा इसमें बहुत थोड़ा सा काम है, लेकिन फिर भी यह किसी के लिए भी एक बड़ा सुअवसर है। मैं इसे लेकर आसमां में नहीं उड़ने वाला हूं। काम करने के लिए हमारी एक लाजवाब टीम थी, इसलिए समय अच्छा बीता।"
अली पूर्व में '3 इडियट्स', 'ऑलवेज कभी कभी' और 'फुकरे' में अभिनय कर चुके हैं।उन्होंने कहा, "मैंने अब तक सिर्फ एक दिन शूटिंग की है और बाकी शूटिंग के लिए, मैं फिल्म टीम से संभवत: जनवरी में मिलूंगा।" अली इस फिल्म के मिलने को संयोग बताते हैं।
उन्होंने कहा, "मैं इसके लिए तैयार नहीं था। मुझे वहां से फोन आया और बस हो गया। मुझे ले लिया गया। यह अभी भी एक सपने जैसा लगता है।"'फास्ट एंड फ्यूरियस 7' का निर्देशन जेम्स वैन कर रहे हैं। फिल्म 2014 में प्रदर्शित होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
