उभरते गायक की हादसे में मौत

जानकारी के अनुसार हादसा मालदीव में स्वीमिंग पूल में एक कार्यक्रम की शूटिंग के दौरान हुआ. इश्मित पंजाब के लुधियाना शहर के रहने वाले थे. उन्होंने पिछले साल ही वायस आफ इंडिया का खिताब जीता था.
इश्मित एक शो में हिस्सा लेने के लिए मालदीव गए हुए थे और वहां के एक रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे.
उनका ये शो एक अगस्त से शुरु होने वाला था. इश्मित की अचानक मौत के बाद पूरा संगीत जगत सकते में है.
वायस ऑफ इंडिया कार्यक्रम में जज रह चुके संगीतकार ललित पंडित उन्हें याद करते हुए कहते हैं कि इश्मित बहुत ही विनम्र और सीधा लड़का था वो बहुत मेहनती भी था. वायस ऑफ इंडिया के दौरान उसने ज्यादातर हमारे ही फिल्मों के गाने गाए.
वायस ऑफ इंडिया शो को प्रस्तुतकर्ता और मशहूर गायक शान तो अचानक इस घटना से इतने दुखी हैं कि उन्होंने कुछ भी प्रतिक्रिया देने में असमर्थता जताई. इश्मित शान से काफी प्रभावित थे और उनके कई गाने उन्हें बेहद पसंद थे.
ललित पंडित ने बीबीसी को ये भी बताया कि जब शुरुआत में इश्मित वायस ऑफ इंडिया शो का हिस्सा बना तो उसमें काफी हिचकिचाहट थी लेकिन जैसे जैसे शो आगे बढ़ता गया उसका आत्मविश्वास और बढ़ता गया.
वो कहते हैं, ''यहां तक कि मुझे अच्छी तरह से याद है कि शाहिद कपूर के शो वाले दिन तो उसने काफी डांस भी किया. मैने पिछले महीने ही उसके साथ एक गीत रिकॉर्ड किया था.''
इश्मित की दुखद मौत से उनके परिवार रिश्तेदारों और प्रशंसकों में गहरे दुख का माहौल है लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है कि संगीत जगत में तेजी से अपनी अलग पहचान बनाते इस कलाकार के साथ इतना बड़ा हादसा हो गया है.
पिछले साल 24 नवंबर को इश्मित ने वायस ऑफ इंडिया का खिताब अपने निकटतम प्रतिद्वंदी उत्तरप्रदेश के हर्षित सक्सेना को हराकर जीता था.
इश्मित ने स्टारप्लस पर जल्द ही खत्म हुए एक दूसरे रियलिटी शो जो जीता वो ही सुपरस्टार में भी उन्होंने हिस्सा लिया था.


Click it and Unblock the Notifications