इशान खट्टर की पिप्पा का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी, तीन पोस्टर्स में दिखा कैप्टन बलराम सिंह मेहता का रूतबा
बॉलीवुड में एक और वॉर फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। RSVP फिल्म्स 1971 के भारत - पाकिस्तान युद्ध पर एक इमोशनल कहानी लेकर आ रही है जिसके केंद्र में हैं कैप्टन बलराम सिंह मेहता। इस किरदार में जान फूंक रहे हैं इशान खट्टर जो कि फिल्म की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। फिल्म का नाम है पिप्पा।
फिल्म की शूटिंग पूरी करने पर इशान ने फिल्म से अपने तीन पोस्टर शेयर किए और लिखा - कैप्टन बलराम सिंह मेहता के तौर पर विदा लेता हूं। इस वॉर फिल्म में इशान के साथ मृणाल ठाकुर और सोनी राज़दान मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी।

पिप्पा को राजा कृष्ण मेनन डायरेक्ट कर रहे हैं और फिल्म 9 दिसंबर 2022 को रिलीज़ हो रही है। फिल्म 1971 के भारत - पाकिस्तान युद्ध की कहानी है जहां बलराम सिंह मेहता नाम के एक स्क्वॉड्रन लीडर, अपने भाईयों के साथ भारत की सुरक्षा के लिए लड़े थे। बात करें इशान के करियर की तो उनके हिस्से कुछ अहम प्रोजेक्ट्स हैं जिसकी तैयारी में इशान व्यस्त हैं।

मेजर ध्यानचंद बायोपिक पर काम
बॉलीवुड में काफी समय से मेजर ध्यानचंद बायोपिक पर काम चल रहा है और फिल्म की चर्चा चल रही है। इसे रॉनी स्क्रूवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं और उड़ता पंजाब - सोन चिड़िया फेम अभिषेक चौबे डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म में मेजर ध्यानचंद का मुख्य किरदार निभाएंगे इशान खट्टर। इशान से पहले ये किरदार वरूण धवन और रणबीर कपूर को ऑफर किए जा चुके हैं लेकिन उन दोनों ने ही इस बायोपिक में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। अब इशान फिल्म में फाईनल माने जा रहे हैं।

माजिद मजीदी की इंटरनेशनल फिल्म
इशान खट्टर ने अपना एक्टिंग डेब्यू किया था ईरानी फिल्ममेकर माजिद मजीदी की फिल्म बियॉन्ड द क्लाउड्स के साथ। इस फिल्म में पहले दीपिका पादुकोण ने इशान की बहन के रोल के लिए ऑडीशन दिया था लेकिन बाद में मालविका मोहनन इस रोल में दिखाई दी थीं।

हिंदी फिल्म डेब्यू
इशान खट्टर ने अपना हिंदी फिल्म डेब्यू किया था जान्हवी कपूर के साथ मराठी फिल्म सैराट के हिंदी रीमेक के साथ। धर्मा प्रोडक्शन्स ने इशान और जान्हवी को धड़क के साथ लॉन्च किया था और आलोचनाओं के बावजूद दोनों की केमिस्ट्री पसंद की गई थी।

तबू के साथ रोमांस
इशान खट्टर ने अपने अभिनय की रेंज दिखाई मीरा नायर की बीबीसी सीरीज़ अ सूटेबल बॉय के साथ। इस सीरीज़ में इशान खट्टर, तबू के साथ रोमांस करते दिखाई दिए और उनके परिपक्व अभिनय की हर जगह तारीफ की गई।

काली पीली के साथ एक और फ्लॉप
इसके बाद इशान खट्टर, अनन्या पांडे के साथ दिखाई दिए फिल्म काली पीली जो कि Pay Per View के लिए रिलीज़ होने वाली पहली फिल्म थी। ज़ी मल्टीप्लेक्स पर रिलीज़ हुई ये फिल्म कब रिलीज़ हुई और कब फ्लॉप हुई किसी को ध्यान भी नहीं।

कैटरीना - सिद्धांत
इशान खट्टर, एक्सेल इंटरटेनमेंट की फोन भूत में कैटरीना कैफ और सिद्घांत चतुर्वेदी के साथ काम कर रहे हैं। फिल्म एक हॉरर कॉमेडी है। हालांकि फिल्म की कहानी और किरदारों के बारे में फिलहाल किसी को ज़्यादा जानकारी नहीं है।

बॉलीवु़ड में पांच साल
2022 में पिप्पा की रिलीज़ के साथ इशान खट्टर बॉलीवुड में अपने पांच सालों का सफर पूरा करेंगे। हालांकि, इशान ने बॉलीवुड में अपना सफर, चाइल्ट आर्टिस्ट के तौर पर भाई शाहिद कपूर के साथ वाह लाईफ हो तो ऐसी नाम की एक फिल्म से किया था। ये फिल्म 2005 में रिलीज़ हुई थी।

डांस में माहिर
गौरतलब है कि इशान खट्टर भी अपने भाई शाहिद कपूर की तरह डांस में माहिर हैं लेकिन अब तक उनकी इस कला का पूरा इस्तेमाल किसी जगह नहीं हुआ है। पिप्पा के फर्स्ट लुक से ये तो तय है कि फिल्म में इशान और डांस का जमकर इस्तेमाल किया गया है।


Click it and Unblock the Notifications











