अब बॉलीवुड-हॉलीवुड का संगम देखेंगे: इरफान
भारतीय पृष्ठभूमि पर बनी ऑस्कर विजेता फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' की सफलता से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति हासिल करने वाले बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का कहना है कि आने वाले समय में बॉलीवुड और हॉलीवुड की साझेदारी में और फिल्मे बनेंगी।
उन्होंने कहा, "उन बच्चों को देखिए। लोग फ्रीडा पिंटो पर पागल हुए जा रहे हैं। फोटोग्राफर उन्हें एक सेकेंड के लिए भी अकेला नहीं छोड़ रहे हैं। फ्रीडा को अमेरिकी निर्देशक वूडी एलेन और देव पटेल को फिल्मकार मनोज श्यामलन ने साइन किया है। भविष्य में हम बॉलीवुड-हॉलीवुड की साझेदारी में और फिल्में भी देख सकते हैं।"
स्लमडॉग के निर्माताओं 'फॉक्स सर्चलाइट' ने इरफान से संपर्क किया है, जो उनकी की मुख्य भूमिका में एक और फिल्म बनाने चाहते हैं।
इरफान ने बातचीत में कहा, "स्टूडियो के प्रमुख पीटर राइस मेरे पास आए और कहा कि वह मुझको मुख्य भूमिका में लेकर एक फिल्म बनाना चाहते हैं। क्या आप जानते हैं कि पीटर राइस के बदौलत ही स्लमडॉग सिनेमाघरों में रिलीज हो सकी नहीं तो वह केवल डीवीडी में रिलीज होती।"
इरफान ने कहा, "फिल्म के निर्देशक डैनी बॉएल काफी घबराए हुए थे और वे डीवीडी में ही फिल्म रिलीज करने को तैयार थे। लेकिन निर्माताओं ने फिल्म को टोरंटो ले जाने का फैसला किया और वहां इसे फॉक्स सर्चलाइट को दिखाया और सर्चलाइट को यह फिल्म पसंद आ गई।"


Click it and Unblock the Notifications