आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में एक्टर विंदू दारा सिंह गिरफ्तार
मुंबई। आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। मुंबई पुलिस ने पहले ही ये आशंका व्यक्त की थी कि फिक्सिंग का कनेक्शन बॉलीवुड से जुड़ा हो सकता है और हुआ भी ऐसा ही। मुंबई पुलिस ने इस मामले में दारा सिंह के बेटे और बॉलीवुड एक्टर विंदू दारा सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विंदू को मुंबई स्थित उेनके घर से गिरफ्तार किया है। विंदू दारा सिंह के करीबी मित्र ने बताया कि पुलिस ने 3:15 बजे बिंदु दारा सिंह को उसके घर से उठाया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सट्टेबाज रमेश व्यास से विंदू दारा सिंह के संबंध हैं और उन लोगों ने इस स्पॉट फिक्सिंग के बारे में फोन पर बात की थी। पुलिस का कहना है कि विंदू दारा सिंह से पूछताछ की जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस मामले में बॉलीवुड से और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। मालूम हो कि विंदू दारा सिंह फिल्मों के अलावा टीवी जगत से जुड़े हुए हैं।

विंदू दारा सिंह बिग बॉस विजेता भी रह चुके हैं। उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस ने बुधवार देर रात राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी के तीन खिलाड़ियों-शांताकुमारन श्रीसंत, अजीत चंदेला और अंकित चव्हाण को स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया। इस मामले में गुरुवार को 11 सटोरिये भी दबोचे गए।


Click it and Unblock the Notifications











