भोपाल में जनजातीय फिल्म समारोह शुरू
भोपाल में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय जनजातीय फिल्म महोत्सव शुरू हो गया है। उद्घाटन समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस महोत्सव को अनोखा बताते हुए आगामी वषों में निरंतर आयोजित करने की जरूरत बताई है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह फिल्म महोत्सव विश्व भर के जनजातीय समुदायों की संस्कृति के आदान प्रदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री कान्तिलाल भूरिया भी मौजूद थे।
रवीन्द्र भवन में रंगारंग कार्यक्रमों के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी सदियों से तथाकथित सभ्य समाज की आवश्यकताओं की पूर्ति की कीमत चुकाता रहा है। अब वक्त आ गया है जब उनके अधिकार आगे बढकर दिए जाए।
आदिम जाति कल्याण विभाग और उसके रचनाधर्मी उपक्रम वन्या द्वारा आयोजित इस समारोह की केन्द्रीय मंत्री भूरिया ने सराहना की और कहा कि यह महोत्सव आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की नई प्रेरणा का प्रतीक बनेगा। चेक गणराज्य के राजदूत हायनिक कमानिक ने कहा कि संस्कृति की खरीद-बिक्री नहीं हो सकती। सिर्फ इसका आदान प्रदान ही हो सकता है। यह फिल्म महोत्सव इसी संस्कृति के आदान प्रदान का सशक्त माध्यम बनेगा।
इस समारोह में 40 देशों की लगभग 60 फिल्मों को प्रदर्शित किया जा रहा है जिनसे जनजातीय जीवन की परंपरा, संस्कृति, कलाओं और अबूझ रहस्यों की जानकारी आम लोगों को हासिल होगी।


Click it and Unblock the Notifications











