भारत की हरनाज संधू ने जीता मिस यूनिवर्स 2021 का खिताब, इस सवाल का जवाब देकर बनीं विनर
भारत की हरनाज कौर संधू ने इतिहास रचते हुए ब्राह्मांड सुंदरी 2021 का खिताब जीत लिया है। 21 सालों के बाद मिस यूनिवर्स का ताज भारत के पास आया है। इससे पहले साल 2000 में लारा दत्ता ने यह ताज जीता था। संधू को मेक्सिको की पूर्व मिस यूनिवर्स 2020 एंड्रिया मेजा द्वारा ताज पहनाया गया। इस कार्यक्रम को विश्व स्तर पर लाइव-स्ट्रीम किया गया था।
पंजाब की 21 वर्षीय सुंदरी, इज़राइल के इलियट में आयोजित 70वीं मिस यूनिवर्स 2021 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। टॉप 3 में मिस इंडिया के साथ मिस पराग्वे और मिस दक्षिण अफ्रीका शामिल थीं। इस प्रतियोगिता में पहली उपविजेता रही मिस पराग्वे और तीसरे नंबर पर रहीं मिस दक्षिण अफ्रीका।

ये था आखिरी सवाल
सभी टॉप तीन प्रतियोगियों से सवाल पूछा गया था कि 'आज के दबावों से निपटने के लिए युवा महिलाओं को आप क्या सलाह देंगी?' इस सवाल का जवाब देकर हरनाज ने खिताब अपने नाम किया।
हरनाज ने जवाब दिया, "आपको यह समझना होगा कि आप अद्वितीय हैं, यही आपको सुंदर बनाता है। दूसरों के साथ अपनी तुलना करना बंद करें और दुनिया भर में हो रही अधिक महत्वपूर्ण चीजों के बारे में बात करें। बाहर जाइए, अपने लिए बोलिए, क्योंकि आप अपने जीवन के लीडर हैं। आप ही अपनी आवाज हैं। मुझे खुद पर विश्वास था और इसलिए मैं आज यहां खड़ी हूं।"

कौन हैं हरनाज संधू!
पंजाब के चंडीगढ़ की रहने वाली हरनाज संधू पेशे से एक मॉडल हैं।चंडीगढ़ से ही उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और कॉलेज की पढ़ाई पूरी की। हरनाज पिछले कुछ सालों से फैशन इंडस्ट्री में हैं और उन्होंने यारा दिया पू बरन और बाई जी कुट्टंगे जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है।

प्रियंका चोपड़ा से लेती हैं प्रेरणा
हरनाज महिलाओं के अधिकारों की प्रबल हिमायती हैं और प्रियंका चोपड़ा से प्रेरणा लेती हैं। अपने खाली समय में वह योग, डांस, खाना पकाने, घुड़सवारी और शतरंज खेलना पसंद करती हैं।

रह चुकीं हैं मिस चंडीगढ़
हरनाज ने साल 2017 में मिस चंड़ीगढ़ का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने मिस मैक्स इमर्जिंग स्टार इंडिया का खिताब अपने नाम किया। ये दो प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम करने के बाद हरनाज ने मिस इंडिया 2019 में हिस्सा लिया और तब वह टॉप 12 तक पहुंची थीं।

माता- पिता को कहा धन्यवाद
खिताब जीतने को लेकर उत्साहित हरनाज ने कहा, "मैं ईश्वर, मेरे माता-पिता और मिस इंडिया संगठन की बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मेरा मार्गदर्शन और समर्थन किया। मेरे लिए ताज की कामना करने वाले सभी लोगों को ढेर सारा प्यार।"

भारत से तीसरी मिस यूनिवर्स
मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत ने इससे पहले दो बार अपनी जगह बनाई है। हरनाज भारत की तीसरीमिस यूनिवर्स हैं। साल 1994 में सुष्मिता सेन ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था और ताज को हासिल किया था। वहीं, साल 2000 में लारा दत्ता ने यह ताज जीता था।

इस जवाब से किया प्रभावित
टॉप 5 में हरनाज से पूछा गया था "कई लोग सोचते हैं कि जलवायु परिवर्तन एक मजाक है, आप उन्हें समझाने के लिए क्या कहेंगी?"
हरनाज़ ने इस सवाल के जवाब से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने कहा, "मेरा दिल यह देखकर टूट जाता है कि प्रकृति कैसी स्थिति से गुजर रही है, और यह सब हमारे गैर-जिम्मेदार व्यवहार के कारण है। मुझे पूरी तरह से लगता है कि यह एक्शन लेने का समय है, ना कि बातें करने का.. क्योंकि हमारा हर एक्शन प्रकृति को बचा सकती है या मार सकती है। रोकथाम हर हाल में पश्चाताप से बेहतर है और यही मैं आज लोगों को समझाने की कोशिश करती हूं।"


Click it and Unblock the Notifications











