ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार ने उठाया एक और सख्त कदम, इस बार पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को लगा झटका!

Indian Govt Bans Pakistani Content: भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण रिश्तों के बीच एक बड़ा फैसला सामने आया है। 8 मई 2025 (गुरुवार) को भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि देश में काम कर रहे सभी OTT प्लेटफॉर्म्स, स्ट्रीमिंग सेवाओं और डिजिटल इंटरमीडियरीज को पाकिस्तान से जुड़ा कोई भी कंटेंट तुरंत हटाना होगा।
सरकारी ने जारी की एडवाइजरी
इस एडवाइजरी में फिल्में, वेब सीरीज, गाने, पॉडकास्ट और दूसरे डिजिटल मीडिया कंटेंट शामिल हैं, चाहे वे सब्सक्रिप्शन के जरिए दिखाए जा रहे हों या फ्री में उपलब्ध हों। सरकार ने इस फैसले के पीछे सुरक्षा कारणों को वजह बताया है।
एडवाइजरी में दिए गए ये निर्देश
मंत्रालय ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए देश में काम कर रहे सभी OTT प्लेटफॉर्म्स, स्ट्रीमिंग सेवाओं और डिजिटल इंटरमीडियरीज को निर्देश दिया है कि वे पाकिस्तान से संबंधित सभी कंटेंट को तुरंत हटा दें। एडवाइजरी में कहा गया है- "भारत में हुई कई आतंकी घटनाओं के तार पाकिस्तान के राज्य-प्रायोजित और गैर-राज्य प्रायोजित तत्वों से जुड़े पाए गए हैं। हाल ही में, 22 अप्रैल को पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में हुए आतंकी हमले में कई भारतीय नागरिकों, एक नेपाली नागरिक की मौत और कई अन्य लोग घायल हुए।"
इस एडवाइजरी में आगे लिखा गया- "राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में, भारत में काम कर रहे सभी OTT प्लेटफॉर्म्स, मीडिया स्ट्रीमिंग और डिजिटल माध्यमों को सलाह दी जाती है कि वे पाकिस्तान की वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल कंटेंट को, चाहे वह सब्सक्रिप्शन के जरिए उपलब्ध हो या मुफ्त, तत्काल बंद करें।"
पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार का कड़ा रुख
यह आदेश पहलगाम आतंकी हमले के बाद आया है, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। इसे भारत की ओर से संस्कृतिक रूप से सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। इस फैसले का असर भारत में उपलब्ध पाकिस्तानी ड्रामों, वेब सीरीज, म्यूजिक एलबमों और पॉडकास्ट्स पर पड़ेगा। अब भारतीय OTT प्लेटफॉर्म्स को यह कंटेंट तुरंत हटाना होगा।
2016 में भी बैन पाकिस्तानी कलाकारों को किया गया था बैन
यह पहला मौका नहीं है जब भारत-पाकिस्तान के बीच संस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगी हो। 2016 के उरी हमले के बाद भी पाकिस्तानी कलाकारों को बॉलीवुड में काम करने से बैन कर दिया गया था। हालांकि, डिजिटल माध्यमों पर कुछ पाकिस्तानी कंटेंट अब तक देखा जा सकता था, जो अब इस नई एडवाइजरी के तहत बंद कर दिया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications











