चीन में दिखेगा भारतीय फिल्मों का इतिहास
चीन के साथ अपने कूटनीतिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ पर भारत सरकार ने राजधानी बीजिंग सहित कुछ प्रमुख शहरों में भारतीय फिल्मों का एक समारोह आयोजित कराने का फैसला किया है। यह समारोह एक महीने तक चलेगा। इस समारोह की शुरुआत 24 जून को बीजिंग के ब्रॉडवे सिनेमाथेक मोमा में होना है। इसके बाद यह समारोह चोंगक्वींग स्थानांतरित कर दिया जाएगा, जहां 6-12 जुलाई तक भारतीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। तीसरे चरण के अंतर्गत गुआंगझोउ में 16-22 जुलाई तक भारतीय फिल्में दिखाई जाएंगी।
इस समारोह में 1913 से लेकर आज तक की बॉलीवुड फिल्मों के माध्यम से चीन में भारतीय फिल्म उद्योग का इतिहास परोसा जाएगा। बॉलीवुड अब एक उद्योग के रूप में स्थापित हो चुका है और एशियाई मनोरंजन जगत में प्रमुख स्थान रखता है। समारोह के उद्घाटन के दौरान भारत का एक 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चीन में मौजूद रहेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में फिल्मकार यश चोपड़ा, बॉबी बेदी, राहुल बोस, अपर्णा सेन और मनमोहन शेट्टी जैसी बॉलीवुड की हस्तियां शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications












