'मनोरंजन के लिए किया था किस'

दीपिका-इमरान की 'ब्रेक के बाद' शुक्रवार को रिलीज़ हुई.
टीवी शो 'कॉफ़ी विद करण' में अभिनेता इमरान ख़ान और रणवीर कपूर के 'किस' ने ख़ूब सुर्ख़ियां बटोरीं. अब आजकल इमरान जहां जाते हैं, उनसे इस बात पर सवाल ज़रूर किया जाता है.
मुंबई में फ़िल्म 'ब्रेक के बाद' के प्रमोशन पर पहुंचे इमरान से जब इस 'किस' की चर्चा मीडिया ने की, तो इमरान बोले, "मैं और रणवीर बहुत टैलेंटेड कलाकार हैं. हम लोग 'कपल' नहीं है. हमने वो 'किस' सिर्फ़ मनोरंजन के लिए किया था."
इसके बाद पत्रकारों ने रुख़ किया 'ब्रेक के बाद' में इमरान के साथ मुख्य भूमिका निभा रहीं दीपिका पादुकोण की ओर, जो उस वक़्त इमरान के साथ ही मौजूद थीं.
दरअसल दीपिका भी हाल ही में 'कॉफ़ी विद करण' में सोनम कपूर के साथ आईं थीं, जहां उन्होंने रणवीर कपूर के बारे में कुछ ऐसी बातें की थीं, जो मीडिया में कई दिनों तक सुर्ख़ियों में बनीं रहीं.
रणवीर कपूर के साथ फ़िल्म करना चाहती हैं दीपिका
इस पर सफ़ाई देते हुए दीपिका कहती हैं, "मैंने जो कुछ भी उस शो में कहा था वो सब हंसी-मज़ाक के लहज़े में कहा था. लोगों को उन बातों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए. मैं तो आज भी रणवीर के साथ फ़िल्म करना चाहती हूं."
बहरहाल बात फ़िल्म 'ब्रेक के बाद' की करें, तो इसमें अपने किरदार के बारे में इमरान ने कहा, "मैं दिल्ली के रहने वाले एक ऐसे लड़के का किरदार अदा कर रहा हूं, जो ज़्यादा महत्वकांक्षी नहीं है, लेकिन अपनी ज़िंदगी से ख़ुश है."
जबकि फ़िल्म में दीपिका का किरदार इमरान के किरदार से बिलकुल उलट है. वो फ़िल्म में ऐसी लड़की का रोल कर रही हैं, जो बेहद महत्तवाकांक्षी है और आज़ाद ख़्यालों की है. उसे प्यार और संबंधों में विश्वास नहीं है. 'ब्रेक के बाद' शुक्रवार को रिलीज़ हुई.


Click it and Unblock the Notifications











