हनीमून प्लैन्स? तुरंत शूटिंग पर लौटना है....

अभिनेता इमरान ख़ान ने दस जनवरी को अवन्तिका के साथ शादी की.
हाल ही में शादी करने वाले बॉलीवुड अभिनेता इमरान ख़ान शादी के तुरंत बाद हनीमून की बजाय शूटिंग पर लौटने वाले हैं.
'जाने तू या जाने न', 'लक' और 'ब्रेक के बाद' जैसी फ़िल्मों के हीरो, इमरान ख़ान, ने दस जनवरी को मुम्बई में अवन्तिका से शादी की. परिवार और करीबी दोस्तों के लिए शाम को एक पांच सितारा होटल में रिसेप्शन था जिसके बाद उन्होंने मीडिया से थोड़ी देर के लिए बात की.
पत्रकारों द्वारा हनीमून के बारे में पूछे जाने पर इमरान ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा, “मेरा हनीमून प्लैन ये है कि मैं शादी के तुरंत बाद शूटिंग पर लौट रहा हूं. मुझे और भी ज़्यादा काम करना है. अवन्तिका के लिए गहने खरीदने है न...."
वैसे मीडिया ख़बरों के अनुसार इमरान और उनकी पत्नी शादी के बाद फ़ुकेट घूमने गए हैं.
शादी और बाकी तैयारियों के बारे में इमरान ने कहा, “सारी तैयारी बहुत बढ़िया है, अवन्तिका के माता-पिता ने ही ज़्यादा काम किया है, मुझे तो बहुत कम करना पड़ना है, सारा तनाव उन्होंने ही लिया है. हमारे लिए तो दो बेहतरीन पार्टी रही हैं."
रिसेप्शन पर इमरान ख़ान ने करण जौहर और वरूण बहल द्वारा डिज़ाइन किए और अवन्तिका ने मनीष मल्होत्रा द्वारा डिज़ाइन किए कपड़े पहने थे.
इस मौके पर इमरान के मामा, अभिनेता आमिर ख़ान और उनकी पत्नी किरण राव भी मौजूद थे. आमिर ने भी मीडिया को संबोधित किया.
अपनी ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए आमिर ने कहा, “हम सब इन दोंनो के लिए बहुत ख़ुश हैं, हमारी दुआएं हमेशा इनके साथ हैं, आपसे भी अनुरोध करेंगे कि आपकी दुआएं और प्रार्थना इनके साथ हों कि इनकी ज़िंदगी ख़ुशी से कटे और इनके बहुत सारे बच्चे हों."
शादी की एक रस्म के बारे में चुटकी लेते हुए आमिर ने कहा कि इमरान बहुत कंजूस हैं.
वो बोले, “बहुत कंजूस है ये, इतना बड़ा हीरो है. बेचारी बच्चियां हैं, वो बोल रही हैं कि दरवाज़े से अंदर जाने के लिए क्या देंगे. एक साली दस हज़ार मांग रही है और दूसरी तो सिर्फ़ पांच हज़ार ही मांग रही है जो बहुत कम है. मैं होता तो कहता जो मांग रही हैं वो दूंगा, लड़की को दरवाज़े पर इंतज़ार नहीं करवाना चाहिए. मैंने बहुत ताने मारे कि पत्नी दरवाज़े पर खड़ी है और तुम इतना बहस कर रहे हो. आखिरकार इमरान ने परिवार की इज़्ज़त रखी."


Click it and Unblock the Notifications











