कयामत से कयामत तक का रीमेक नहीं देखना चाहते इमरान खान
अभिनेता इमरान खान अपने मामू आमिर खान की पहली फिल्म 'कयामत से कयामत' का अंत देखने के बाद रो पड़े। मौका था इस फिल्म के 25 साल पूरे होने पर आयोजित इसके विशेष प्रदर्शन का। इमरान कहते हैं कि यह फिल्म दोबारा से नहीं बनाई जानी चाहिए। 30 वर्षीय इमरान ने फिल्म देखने के बाद संवादाताओं से कहा, "'कयामत से..' अभी भी ताजगी से भरी और बहुत ही आनंददायक है। सच कहूं तो फिल्म का अंत देखकर मैं रो पड़ा। हां, मैं इस फिल्म को बड़े पर्दे पर पहली बार देख रहा था। मस्ती से भरी फिल्म है।"
जूही चावला और आमिर खान अभिनीत 'कयामत से..' ने सोमवार को अपने प्रदर्शन के 25 साल पूरे कर लिए। मंसूर अली खान निर्देशित इस फिल्म के रजत जयंती वर्ष पूरे होने पर फिल्म का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया था।
इमरान मानते हैं कि यह फिल्म इतनी बेहतरीन है कि इसे दोबारा नहीं बनाया जाना चाहिए। इमरान ने कहा, "यह फिल्म दोबारा नहीं बनाई जानी चाहिए। मेरा विश्वास है कि यह एक बहुत बेहतरीन फिल्म है और मैं नहीं सोचता हूं कि कोई इसे दोबारा बना सकता है।"


Click it and Unblock the Notifications












