आज रात होगी 'आइफ़ा' पुरस्कारों की घोषणा

समारोह की शुरुआत हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री दिग्गज कलाकार और 'आइफ़ा' के ब्रांड अंबेसडर अमिताभ बच्चन करेंगे.
आइफ़ा पुरस्कार समारोहों के पहले पिछले दो दिनों से मकाउ में हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री के कलाकार जुटे हुए हैं और वहाँ कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
इस बार 'सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म' के पुरस्कार की दौड़ में 'जोधा अकबर', 'गज़नी', 'रॉक ऑन', 'ए वेन्सडे ', 'दोस्ताना' और 'रेस' हैं.
आशुतोष गोवरीकर निर्देशित फ़िल्म 'जोधा अकबर' सभी 13 श्रेणियों में नामांकित की गई है वहीं फ़रहान अख़्तर और अर्जुन रामपाल की फ़िल्म 'रॉक आन' आठ श्रेणियों में नामित की गई है.
शाहरूख़ ख़ान को जहाँ फ़िल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' के लिए तो आमिर ख़ान को 'गज़नी' के लिए 'सर्वश्रेष्ठ अभिनेता' के श्रेणी में नामांकन मिला है.
इनके अलावा नसीरूद्दीन शाह फ़िल्म 'ए वेन्सडे', अभिषेक बच्च्न 'दोस्ताना' और ऋतिक रोशन 'जोधा अकबर' के लिए 'सर्वश्रेष्ठ अभिनेता' पुरस्कार की दौड़ में हैं.
नामांकन
अभिषेक बच्चन को 'दोस्ताना' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और हास्य अभिनेता और 'सरकार राज' के लिए सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता की श्रेणी में नामांकन मिला है.
अमिताभ बच्चन की बहू और अभिनेत्री ऐश्वर्या रॉय सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार की दौड़ में हैं. वह समारोह में रंगारंग कार्यक्रम भी पेश करेंगी.
उनके अलावा अभिषेक बच्चन, सुष्मिता सेन, सोनम कपूर और गोविंदा भी अपनी प्रस्तुति देंगे.
आयोजकों का मानना है कि इस रंगारंग समारोह को दुनियाभर में क़रीब पचास करोड़ लोग टीवी पर देखेंगे. समारोह में हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री के 500 से अधिक कलाकार और क़रीब 800 विशिष्ट अतिथि मौज़ूद रहेंगे.
हिंदी फ़िल्मों को दुनिया भर में बढ़ावा देने के लिए 'आइफ़ा' का आयोजन हर साल भारत के बाहर किया जाता है.
इस समारोह का यह 10 वाँ साल है.पिछले साल यह समारोह थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित किया गया था. पहला 'आइफ़ा' समारोह लंदन में आयोजित किया गया था.


Click it and Unblock the Notifications











