फ़िल्मी और क्रिकेट के सितारों के बीच मैच

बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन और सुनील शेट्टी और श्रीलंकाई क्रिकेटर कुमार संगाकारा कोलंबो में आईफ़ा 2010 के दौरान होने वाले चैरिटी क्रिकेट मैचों की तीन टीमों की कप्तानी करेंगे.
हाल ही में इस मैच की टीमों और उसके सदस्यों की घोषणा मुम्बई में एक समारोह में की गई. इस मैच में बॉलीवुड के सितारे, कुछ पूर्व भारतीय क्रिकेटर और श्रीलंकाई क्रिकेटर हिस्सा लेंगे.
ऋतिक रोशन कहते हैं कि उन्हें टीम का हिस्सा होने पर गर्व है. सलमाल ख़ान, डीनो मोरिया, विनोद कांबली और किरण मोरे आईफ़ा इलेवन टीम का हिस्सा हैं.
सुनील शेट्टी इस मैच को लेकर बहुत उत्साहित हैं. वो कहते हैं, “मैं मैच के बारे में बहुत उत्साहित हूं क्योंकि मैं क्रिकेट का दीवाना हूं. हर साल ही आईफ़ा किसी अच्छे काम के लिए योगदान करता है. और इस साल 'आइफ़ा' श्रीलंका में सौ घर बनाने में मदद करेगा और ये मेरे दिल के बहुत करीब है."
सुनील शेट्टी कहते हैं कि इन मैचों में जीत और हार के कोई मायने नहीं रखती क्योंकि ये मैच एक नेक काम के लिए खेले जा रहे हैं.
पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी विनोद कांबली भी इस मैच में खेलेंगे. वो कहते हैं, “मैं हमेशा से ही 'आइफ़ा' का साथ दिया है. जब 'आइफ़ा' दक्षिण अफ़्रीका में हुआ था तब भी मैंने वहां एक चैरिटी क्रिकेट मैच खेला था."
श्रीलंकाई टीम में कुमार संगाकारा के अलावा सनत जयासूर्या, मुरलीधरन और माहेला जयवर्धने भी खेलेंगे.
कुमार संगाकारा इसे अपने देश के लिए एक अच्छा अवसर मानते हैं, उन्होंने कहा, “आईफ़ा ने हमारे देश को एक मौका दिया है कि हम अपनी संस्कृति, परंपरा, प्राकृतिक सुंदरता और मेज़बानी दुनिया को दिखा सकें.”
संगक्कारा ने बताया कि इस मैच के ज़रिए वावुनिया में सौ परिवारों के लिए घर बनाने के लिए धन इकट्ठा किया जाएगा.


Click it and Unblock the Notifications