शादी करके सैटल होना चाहते हैं शाहिद कपूर, एक अदद लड़की का इंतजार
हालांकि उनके करियर को राजकुमार संतोषी ने जीवनदान जरूर दिया है लेकिन उन्हें अभी भी एक बड़े करिश्मे की उम्मीद है जो कि शायद उनके लिए प्रभु देवा की फिल्म आर राजकुमार कर सकती है। फिल्म का जबरदस्त प्रमोशन करते हुए शाहिद ने अपने दिल की बातें भी लोगों से शेयर की।
अपनी लाइफ और वाइफ के बारे में बात करते हुए शाहिद ने कहा कि यदि उन्हें अपनी पसंद की लड़की मिल जाती है, तो वह शादी कर घर बसा लेंगे। शाहिद इस समय अपनी नई फिल्म 'आर.. राजकुमार' के प्रदर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। शाहिद की बातों से एहसास होता है कि वह अब शादी के मूड में हैं।
शाहिद ने कहा, "मैं काफी सालों से अकेला हूं और खुश हूं। यदि मुझे कोई लड़की पसंद आती है, तो शायद मैं उसके साथ घर बसा लूंगा। वरना तो सब बेकार है, पहले प्यार करो, फिर दिल टूटेगा, फिर अवसाद में जियो। तो अब जब मुझे प्यार होगा मैं घर बसा लूंगा।"
शाहिद की बातों से एहसास होता है कि अभिनेत्री करीना कपूर से ब्रेकअप होना उनके लिए काफी कष्टकारी रहा, हालांकि करीना तो उन्हें भूलकर आगे बढ़ गयीं और आज सैफ से शादी करके करीना कपूर खान बन चुकी हैं लेकिन वहीं शाहिद अभी तक सिंगल हैं। हालांकि उनका नाम प्रियंका और अनु्ष्का से जुड़ा जरूर लेकिन सारी बातें केवल अफवाह ही शाबित हुई।
खबर मिल रही है कि शाहिद के पिता अभिनेता पंकज कपूर उनके लिए दुल्हन ढूंढ़ रहे हैं। लेकिन शाहिद का कहना है, "मेरे पिता मेरे लिए लड़की नहीं ढूंढ रहे हैं। पापा मुझ पर किसी बात के लिए दबाव नहीं डालते। न ही वह इस काम के लिए अपने ऊपर दबाव लेंगे। मैं पापा की नहीं अपनी पसंद की लड़की से शादी करूंगा।
मालूम हो कि प्रभु देवा के निर्देशन में बनीं फिल्म आर राजकुमार 6 दिसंबर को रिलीज होने जा रही हैं। फिल्म में शाहिद के साथ सोनाक्षी सिन्हा नजर आ रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications
