वास्तविक किरदार करने में मजा आता है : मनोज
मुंबई। गंभीर अभिनय के साथ ही अलग अलग तरह के किरदार निभा चुके अभिनेता मनोज बाजपेयी का कहना है कि उन्हें वास्तविक किरदार करने में मजा आता है, ग्लैमर उनकी प्राथमिकता नहीं है। उन्होने पिंजर, राजनीति और गैंग्स आफ वासेपुर जैसी फिल्में की है।
अपनी आने वाली फिल्म 'सत्याग्रह' में एक राजनेता की भूमिका निभा रहे मनोज ने बताया, "मुझे ऐसे ही किरदार करना पसंद है। मुझे वास्तविक किरदार करने में मजा आता है क्योंकि मैं उनसे जुड़ा हुआ हूं। अगर ऐसा नहीं भी है तब भी अच्छा है। मैंने जिस तरह की फिल्में की हैं उन्हें करके मैं आश्वस्त हूं।" मनोज का कहना है कि 'सिनेमा' में हर तरह की फिल्में शामिल होती हैं और इसका मुख्य लक्ष्य मनोरंजन करना होता है।
उन्होंने कहा, "सिनेमा में हर तरह की फिल्मों की जरूरत होती है। इसकी जिम्मेदारी सिर्फ सामाजिक संदेश पहुंचाने की नहीं है। एक फिल्म में अच्छी कहानी होनी चाहिए और इससे लोगों का मनोरंजन होना चाहिए। दर्शक इसलिए पैसा लगा रहे हैं क्योंकि वे मनोरंजन चाहते हैं.. इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि उन्हें एक अच्छी कहानी दिखाई जाए।" मनोज ने बताया कि इस समय वह दो फिल्मों के लिए फिल्मांकन कर रहे हैं। ये फिल्में 2014 में प्रदर्शित होंगी।
उन्होंने कहा, "नीरज पांडे की 'सात उचक्के' तैयार है और इंडमॉल प्रोडक्शन की 'ट्रैफिक' भी अधिकतर पूरी हो चुकी है। दोनों फिल्में अगले साल प्रदर्शित होंगी।"
सत्याग्रह में मनोज अर्जुन रामपाल, अजय देवगन, अमिताभ बच्चन और करीना कपूर के साथ काम कर रहे हैं। जो कि 30 अगस्त को रिलीज हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications












