अजय की कामयाबी का क्रेडिट ले सकती हूं : काजोल

काजोल ने कहा, "वास्तव में इस बात से बहुत फर्क पड़ता है कि आप किससे विवाह कर रहे हैं। विवाह में प्रभाव दोनों तरीके से काम करता है। मेरे करियर में जो कुछ भी हुआ उसके लिए मैं अपने पति को बहुत श्रेय देती हूं और मैं भी उनकी सफलता का कुछ श्रेय लेती हूं। उन्हें इस पर आपत्ति नहीं होगी।" काजोल पांच अगस्त को 35 वर्ष की हो गईं।
देखें : काजोल की वापसी
उन्होंने कहा, "मेरे परिवार में मेरे जन्मदिन से काफी पहले आयोजन शुरू हो गए थे। जब अजय और 'वंस अपोन ए टाइम इन मुंबई' की टीम ने पहले तीन दिन की बॉक्सऑफिस प्रतिक्रिया देखी तो वे खुशी से उछल पड़े।" वह अपना जन्मदिन उन लोगों के साथ मनाना पसंद करती हैं जो उनके लिए बहुत महत्व रखते हैं।
उन्होंने कहा, "मैं अपने परिवार को पसंद करती हूं। मैं उनके साथ रहना चाहती हूं। दूसरों की तरह मेरे लिए मेरे परिवार से विवाद के कोई मुद्दे नहीं हैं। मेरी मां (अभिनेत्री तनुजा) और बहन (तनिशा) मेरे जन्मदिन पर आई थीं। हमने साथ में भोजन किया और पूजा की।"
काजोल दोबारा गर्भवती हैं और गर्भावस्था के दौरान 'वी आर फेमली' की शूटिंग पर उनका कहना है, "अंतिम गाने 'जेलहाउस रॉक' की शूटिंग के दौरान ही मैं गर्भवती थी। वे लोग बहुत सहयोगी रहे। उन्होंने मेरे लिए स्टेप्स बदल दिए। पहले गाने के लिए मुझे बहुत कूदना और उछलना था लेकिन जब मैंने उन्हें इसके लिए मना किया तो उन्होंने मेरे लिए नृत्य के स्टेप्स बदल दिए।"


Click it and Unblock the Notifications