अच्छे लिखे किरदारों के इंतजार में हैं संदल ब्यूटी आसिन
मुंबई। दक्षिण भारतीय फिल्मों से आईं आसिन ने बॉलीवुड में अपनी जगह तो बना ली है लेकिन आज भी वे अच्छे लिखे किरदारों के इंतजार में हैं। बॉलीवुड फिल्मों में आसिन ने अपनी शुरूआत आमिर खान के साथ 2008 में आई गजनी से की थी। इसके बाद उन्होंने रेडी, हाउसफुल 2 और बोल बच्चन जैसी फिल्में कीं। लेकिन उन्हें लगता है कि अभी और अच्छा काम आना बाकी है।
आसिन ने एक साक्षात्कार के दौरान बताया कि ,मुझे खुशी है कि मैं बिना किसी गॉडफादर, दादा-परदादा या अमीर प्रेमी की मदद के बॉलीवुड में यहां तक आ पहुंची हूं। ऐसा मुश्किल ही होता है कि किसी कलाकार को उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय दोनों दर्शक स्वीकार कर लें। शुक्र है कि मैं ऐसा कर पाई।

वह कहती हैं,किसी की सफलता को मापने का पैमाना उसकी क्षमताओं के बजाय इसे माना जाता है कि उसने हासिल क्या किया है? मुझे लगता है कि मैं और भी ज्यादा अच्छे किरदारों को निभा सकती हूं।
मुझे उम्मीद है कि ऐसे किरदार मुझे मिलेंगे। आसिन की हालिया फिल्म बोल बच्चन की सफलता के बारे में उनसे पूछा गया कि क्या कॉमेडी उनके लिए भाग्यशाली है तो इससे उन्होंने इनकार करते हुए कहा, बोल बच्चन की सफलता में मैं भाग्य को मददगार नहीं मानती।यह फिल्म मनोरंजक और व्यवसायिक फिल्म थी, जिसे अच्छा प्रदर्शन करना ही था। इस तथाकथित भाग्य को मैं सही चुनाव और मेहनत का मिलाजुला रूप मानती हूं।
बेशक हर साल कई हास्य फिल्में आ रही हैं लेकिन आसिन को लगता है कि इनमें से कोई भी अभिनेत्री को केंद्र में रखकर नहीं बनाई जातीं। ये सभी फिल्में अभिनेता को ही ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं । आसिन उम्मीद करती हैं कि जल्द ही यह रवैया बदलेगा।


Click it and Unblock the Notifications