मुझसे बेहतर हीरो भला कौन है : सलमान खान

मुंबई में अपनी आने वाली फ़िल्म 'रेडी' के म्यूज़िक लॉन्च पर पहुंचे सलमान ने कहा, "हिंदी फ़िल्मों से हीरोइज़्म ख़त्म हो रहा है। मैं वापस उस हीरो को पर्दे पर देखना चाहता हूं। लोग थिएटर से फ़िल्म देखकर लौटें तो वो भी अपने आपको हीरो समझें।"सलमान ने हंसते हुए कहा कि "मैं उस हीरो को वापस पर्दे पर लाऊंगा। भला मुझसे अच्छा हीरो आज के ज़माने में कौन है।"
दरअसल 'रेडी' 2008 सुपरहिट तेलुगू फ़िल्म 'रेडी' की रीमेक है। इससे पहले सलमान ख़ान की सुपरहिट फ़िल्म 'वॉन्टेड' भी एक तमिल फ़िल्म का रीमेक थी। सलमान के मुताबिक़ दक्षिण भारतीय फ़िल्मों में हीरो को जिस तरह से पेश किया जाता है वो उन्हें ख़ासा पसंद है। उनमें हीरो को बहुत बहादुर बताया जाता है जो एक साथ कई गुंडों से मोर्चा लेकर उन्हें धूल चटा देता है।
'रेडी' में भी सलमान का किरदार कुछ ऐसा ही है। इससे पहले साल 2010 की सबसे बड़ी हिट फ़िल्म 'दबंग' में भी सलमान ने कुछ ऐसी ही भूमिका अदा की थी। उसमें उन्होंने पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका अदा की है। 'रेडी' के निर्देशक अनीस बज़्मी हैं और इसमें सलमान के साथ असिन की भी मुख्य भूमिका है।


Click it and Unblock the Notifications











