सुपर मॉम नहीं हूं : फराह
बॉलीवुड की कोरियोग्राफ एवं निर्देशक फराह खान कहती हैं कि वह सुपर मॉम नहीं हैं। फराह तीन बच्चों की मां हैं, जल्द ही वह रिएलिटी नृत्य कार्यक्रम 'डांस इंडिया डांस : सुपरमॉम्स' में जज के रूप में नजर आएंगी। फराह पांच वर्षीय कजार, दिवा और आन्या की मां हैं। वह रिएलिटी कार्यक्रम में बच्चों की मांओं की नृत्य प्रतिभा से काफी प्रभावित हैं।
फराह ने एक कार्यक्रम में बातचीत के दौरान बताया, "जब मैं इन महिलाओं को देखती हूं, मुझे लगता है कि मैं कहीं से भी सुपर मॉम कहलाने के लायक नहीं हूं। वे सब छोटे शहरों से हैं।

मेरे पास तो बच्चों की देखभाल के लिए पूरा स्टाफ है। जबकि वे सब खुद अपने बच्चों की देखभाल करती हैं, खाना बनाती हैं, पति और सास-ससुर की देखभाल करती हैं और फिर बाहर काम भी करती हैं।"
फरहा ने कहा, "काम से वापस आकर वे नृत्य का भी अभ्यास करती हैं, वह उनका जुनून है। मैं तो कहूंगी कि वे मुझसे कहीं ज्यादा सुपर मॉम्स हैं। मैं उनकी तरह कभी हो ही नहीं सकती।"
जीटीवी पर यह रिएलिटी कार्यक्रम सप्ताहांत (शनिवार एवं रविवार) में एक जून से प्रसारित होगा। कोरियोग्राफर मर्जी पेसटोंजी फराह के साथी जज होंगे और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती शो के ग्रैंड मास्टर होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications