नकारात्मक भूमिकाएं पसंद हैं : इमरान

इकतीस वर्षीय इमरान ने एक साक्षात्कार में कहा, "मैंने हमेशा नकारात्मक भूमिकाएं निभाई हैं और मुझे इस तरह की भूमिकाएं पसंद हैं। मैं चाहता हूं कि मैं जो किरदार करूं उनमें थोड़ी-बहुत वास्तविकता हो। वास्तविकता में भी मैं उन लोगों को संदेह से देखता हूं जो कहते हैं कि उन्होंने अपने जीवन में केवल अच्छे काम किए हैं।"
उन्होंने कहा, "मैं उन लोगों पर विश्वास नहीं करता जो कहते हैं कि वे ईष्र्या या लालच महसूस नहीं करते क्योंकि मुझे लगता है कि इस तरह की भावनाएं हर किसी में होती हैं। हम सभी एक ऐसी अवस्था से गुजरते हैं जिसमें हमें हमारे कुछ कृत्यों पर अपराधबोध होता है। मैंने गलतियां की हैं।" इमरान कहते हैं, "मैं भविष्य में सकारात्मक भूमिकाएं भी करूंगा लेकिन इस समय मेरे पास जिस तरह के प्रस्ताव आ रहे हैं, वह काम करके मैं खुश हूं।" उन्होंने 'मर्डर', 'गैंग्स्टर-ए लव स्टोरी' और 'वंस अपोन ए टाइम इन मुम्बई' जैसी फिल्मों में नकारात्मक भूमिकाएं निभाई हैं।
आठ अक्टूबर को प्रदर्शित होने जा रही 'क्रुक' का निर्देशन मोहित सूरी ने किया है। यह फिल्म आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हुए नस्लीय हमलों पर आधारित है। इमरान ने बताया कि उन्होंने फिल्म में ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभाई है जो बहुत आक्रामक लेकिन प्यारा और मजेदार भी है। उसका विश्वास है कि बुरा होना अच्छा है क्योंकि अच्छे लोग अंत में खत्म हो जाते हैं।
इमरान ने 2006 में परवीन शहानी से विवाह किया था। इस साल की शुरुआत में उनकी पत्नी ने एक बेटे अयान को जन्म दिया था, जिसके बाद से इमरान एक अच्छे पिता बनने की कोशिश कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











