'दबंग' खान परिवार की सफलता है : अरबाज खान

अरबाज ने कहा, "व्यवहारिक तौर पर और ईमानदारी से कहूं तो सलमान की आखिरी सफल फिल्म 'वांटेड' थी और जिस तरह से आगे सब कुछ हुआ है उससे लगता है कि यह फिल्म दो गुना या तीन गुना ज्यादा सफल रही है। इसलिए यह महसूस करके बहुत अच्छा लगता है कि न केवल उन्होंने मेरे लिए काम किया, मुझे स्थापित करने में मदद की बल्कि यह फिल्म उनके लिए भी अच्छी रही। यह पूरे परिवार के लिए बहुत अच्छा है।"
उन्होंने कहा, "मेरे लिए फिल्म की अब तक की सबसे अच्छी तारीफ यह रही कि किसी ने मुझसे कहा कि शुरुआत में ऐसा लगता है कि सलमान आपके लिए एक फिल्म कर रहे हैं और आखिरकार ऐसा लगता है कि आपने सलमान के लिए कुछ किया है। इससे अच्छी तारीफ और कुछ नहीं हो सकती।" अभिनव कश्यप के निर्देशन में बनी 'दबंग' ने प्रदर्शन के पहले सप्ताहांत में ही 48.25 करोड़ रुपये का व्यवसाय कर लिया था। फिल्म में सलमान भ्रष्ट पुलिस अफसर चुलबुल 'रॉबिनहुड' पांडे बने हैं तो अरबाज की पत्नी मलाइका ने एक खूबसूरत आइटम नंबर पेश किया है।
फिल्म ने पहले पांच दिनों में 65 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया है और अरबाज स्वीकार करते हैं कि बड़े अभिनेता के बिना यह सफलता संभव नहीं थी लेकिन वह यह भी कहते हैं कि इसमें पूरी टीम और नवोदित अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा का भी योगदान है। वह कहते हैं, "फिल्म में निश्चित तौर पर सलमान का जादू चला है लेकिन हम अन्य लोगों के प्रयासों को कम करके नहीं देख सकते। फिल्म में एक बहुत खूबसूरत लड़की (सोनाक्षी) थी, वह बहुत प्रभावशाली थी और उनका अभिनय भी ऐसा ही रहा।"


Click it and Unblock the Notifications