मैं सिर्फ पैसे के लिए काम नहीं करता: सुशांत सिंह राजपूत
मुंबई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत भले ही पटना जैसे छोटे शहर से हों, लेकिन वह बॉलीवुड में बड़ी-बड़ी फिल्मों का हिस्सा बन रहे हैं। इस बीच उनका कहना है कि उनके लिए पैसा सिर्फ जीवनयापन का साधन है, इसके अलावा वह उनके जीवन में उतना मायने नहीं रखता। सुशांत ने आईएएनएस से कहा, "जिस तरह की निर्माण कंपनी के साथ मैं काम कर रहा हूं, मैं कहीं भी जा सकता हूं और फिल्म कर सकता हूं और ढेर सारा पैसा मांग सकता हूं, लेकिन मैं इस वजह से यहां नहीं हूं, क्योंकि पैसा मुझे रोमांचित नहीं करता।"
उन्होंने कहा, "इस वजह से मैं इस उद्योग में नहीं आना चाहता था। मुझे पैसे की जरूरत जीवनयापन के लिए है और एक निश्चित समय के बाद यह मुझे उत्साहित नहीं करता है और मेरी प्रसिद्धि के साथ भी यही बात है।" 'काई पो छे!' से बॉलीवुड में करियर की शुरुआत करने वाले सुशांत की अगली फिल्म 'शुद्ध देसी रोमांस' है और वह राजकुमार हीरानी की 'पी.के' का भी हिस्सा हैं।
सुशांत यह स्वीकारते हैं कि कुछ फिल्में उन्होंने इसलिए ठुकरा दी क्योंकि वह उनमें कुछ नहीं कर सकते थे। फिल्म 'शुद्ध देसी रोमांस' में वह वाणी कपूर और परिनीति चोपड़ा के साथ काम कर रहे हैं लेकिन उनकी महिला मित्र टेलीविजन अभिनेत्री अंकिता लोखंडे फिल्म में उनके अंतरंग दृश्यों से असुरक्षित महसूस नहीं करतीं। उन्होंने कहा, "हम सभी पेशेवर हैं और अंकिता भी पेशेवर है, इसलिए वह अंतरंग दृश्यों पर ध्यान नहीं देती। हमें अपना मन बनाना पड़ता है।"


Click it and Unblock the Notifications
