राइमा को नहीं मिलतीं कमर्शियल फिल्में
फिल्म 'गॉडमदर' के जरिए अपने अभिनय जीवन की शुरुआत करते हुए 'मुखबिर' और 'सी-कंपनी' जैसी फिल्मों में काम करने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री राइमा सेन ने कहा है कि वह इन दिनों व्यावसायिक फिल्मों में नजर नहीं आतीं क्योंकि उन्हें ऐसी फिल्मों के लिए प्रस्ताव नहीं मिलते हैं।
'गीतांजली लाइफस्टाइल ब्राइडल फैशन शो' में हिस्सा लेने रविवार को यहां पहुंचीं राइमा ने कहा,"मुझे व्यावसायिक फिल्मों में काम करने का प्रस्ताव नहीं मिलता। हालांकि अनेक फिल्मों में काम कर रही हूं और मैं खुश हूं। मैं अब तक के अपने सफर से खुश हूं।"
राइमा की आने वाली फिल्मों में अर्पणा सेन की 'जापानी वाइफ', रितुपर्णो घोष की बंग्ला फिल्म 'नौका डुबी', विनय शुक्ला की 'मिर्च' और लीना यादव की चिरप्रतिक्षित फिल्म "तीन पत्ती" शामिल हैं।
फिल्म 'परिणिता' में लीक से अलग भूमिका अदा करने वाली राइमा ने कहा, "मुझे इन दिनों अलग दिखने वाली भूमिकाओं के लिए प्रस्ताव मिलता है। मुझे अगर व्यवसायिक फिल्मों में काम करने का प्रस्ताव मिला तो काफी खुशी होगी। फिलहाल मैं एक अन्य बंग्ला फिल्म की शूटिंग के लिए कोलकाता जा रही हूं। "
राइमा 'आंधी' जैसी बेहद सफल फिल्म में मुख्य भूमिका अदा करने वाली बीते जमाने की मशहूर अभिनेती सुचित्रा सेन की नातिन और अभिनेत्री मुनमुन सेन की बड़ी पुत्री हैं। राइमा की छोटी बहन रिया सेन भी बॉलीवुड अभिनेत्री हैं। यह संयोग ही है कि राइमा के उलट रिया को हमेशा चकाचौंध से भरपूर भूमिकाएं ही मिलती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











