अब भी शाइनी के साथ है उनकी वाइफ

अनुपम ने एक साक्षात्कार में उन खबरों का खंडन किया, जिनमें कहा गया था कि वह अपने पति से अलग हो गई हैं। उन्होंने कहा, "शाइनी और मैंने चकाचौंध से दूर रहने का फैसला सोच समझ कर किया था, ताकि हमारी बच्ची एक सामान्य वातावरण में पल-बढ़ सके।"
उन्होंने कहा, "मैं चाहती थी कि शाइनी एक नौकरी पेशा व्यक्ति की तरह रोज घर से बाहर जाएं और शाम को घर वापस आ जाए। मैं नहीं चाहती थी कि उसकी प्रसिद्धि भी उनके साथ घर वापस आए।"
ज्ञात हो कि शाइनी को अपनी घरेलू नौकरानी के साथ बलात्कार के आरोप में 14 जून को गिरफ्तार कर लिया गया था। मुंबई की एक अदालत ने शाइनी की जमानत याचिका ठुकरा दी है और अब उसे 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में जेल में रहना है। वह फिलहाल आर्थर रोड जेल में बंद है।
लेकिन पत्नी अनुपम ने पति में अपना भरोसा नहीं छोड़ा है। यहां तक कि उन्होंने अपने पति के दोष को भी कबूल नहीं किया और इस मुश्किल की घड़ी में उसके साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह शाइनी से मिल पाती हैं, अनुपम ने कहा, "सप्ताह में एक बार"।
जब उनसे यह पूछा गया कि उनके पति की जमानत याचिका निरस्त की जा चुकी है, इस पर उन्होंने कहा, "हां। शाइनी और मैंने अब सब कुछ ईश्वर की इच्छा पर छोड़ दिया है। हम दोनों जानते हैं कि अंतिम फैसला ईश्वर के यहां से ही आएगा। हम दोनों को यह भी भरोसा है कि हम दोनों एक दूसरे के और ज्यादा करीब आएंगे।"
अनुपम ने कहा, "हम जमानत के लिए दोबारा कोशिश करेंगे। हम कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेंगे और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा करेंगे।"
फिल्म जगत से जुड़े कुछ लोगों का मानना है कि अनुपम का अपने पति से अलगाव हो गया है, इसलिए वह उनसे जेल में मिलने नहीं जातीं। इस पर अनुपम ने कहा, "यह बकवास है। पूरी तरह बकवास है। भला मैं अपने जीवनसाथी से कैसे अलग हो सकती हूं?
मैं कई वर्षो तक उनके साथ रही हूं। ऐसा कुछ पहली बार हुआ है। आप जानते हैं कि वह स्वस्थ नहीं थे और अदालत नहीं जाना चाहते थे। इसी कारण एक बार मैं उनके साथ नहीं थी। उसके बाद मुझे खबर पढ़ने को मिली कि मैं उनसे अलग हो गई हूं। भला मैं कैसे उनसे अलग हो सकती हूं। वह न केवल मेरे पति हैं, बल्कि मेरी बच्ची के पिता भी हैं। हम दोनों एक-दूसरे को पिछले 15 वर्षो से जानते हैं।"


Click it and Unblock the Notifications











