15 नवंबर तक आराम करेंगे रितिक रोशन
मुंबई। फिल्म अभिनेता रितिक रोशन को डॉक्टरों ने सलाह दी है कि उन्हें 15 नवंबर तक आराम करना चाहिए, जिससे कि अगले प्रोजेक्ट में वह इस समय के बाद ही काम कर सकेंगे। हालांकि उनकी फिल्म 'कृष 3' 4 नवंबर को रिलीज हो रही है। इस बारे में रितिक का कहना है कि मैं फिलहाल ठीक हूं और घर पर आराम कर रहा हूं। मैं 'बैंग बैंग' की शूटिंग नवंबर मध्य से करूंगा और इसके लिए काफी एक्साइटेड हूं।
'बैंग बैंग' की शूटिंग 'कृष 3' के बाद ही प्रस्तावित थी लेकिन रितिक की सर्जरी होने के कारण फिल्म की शूटिंग कुछ दिनों के लिए आगे बढ़ा दी गई है। इस फिल्म में रितिक के साथ कैटरीना कैफ हैं। कैटरीना की रितिक के साथ यह दूसरी फिल्म होगी। इसके पहले कैटरीना और रितिक 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' में एक साथ काम कर चुके हैं।
बैंग बैंग में रितिक कैटरीना के अलावा डैनी और जावेद जाफरी भी हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म हॉलीवुड मूवी 'नाइट एंड डे' पर आधारित है। जिसमें टॉम क्रूज और कैमरून डियाज ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
