सुजैन-रितिक के तलाक पर कमेंट करने से बच रहे हैं सेलिब्रिटी!
सेलिब्रिटी की पर्सनल लाइफ को सुर्खियों में लाने को लेकर मीडिया हमेशा से ही बदनाम रही है। लेकिन अक्सर मीडिया द्वारा छोड़ी गयी चिंगारी बाद में एक आग के रुप में सामने आती है। कुछ समय पहले कृष 3 फिल्म के प्रमोशन के दौरान जब रितिक और सुजैन के बीच के अलगाव को लेकर मीडिया ने खबरें डालीं और रितिक ने अपनी तरफ से इस खबर को झुठलाने की कोशिश की तो सभी को लगा कि मीडिया ने बेवजह ही इस परिवार को सुर्खियों में ला दिया है। लेकिन रितिक द्वारा इस तलाक को लेकर दिये गये स्टेटमेंट ने शुक्रवार को सारी गलतफहमियां दूर कर दीं। अर्जुन रामपाल का नाम इस खबर के साथ जोड़ा जा रहा है क्योंकि अर्जुन रामपाल सुजैन के बेहद करीबी दोस्त थे। खबर के अनुसार अर्जुन की हद से ज्यादा सुजैन के साथ नजदीकी रितिक और सुजैन के रिश्ते के लिए मुसीबत बन गयी।
लेकिन अर्जुन रामपाल ने इस बात से इंकार किया और कहा है कि उनका नाम बेवजह ही इस बात के साथ जोड़ा जा रहा है। दूसरी तरफ रितिक के साथ कई फिल्मों में काम कर चुकीं प्रीती जिंटा ने भी इस खबर पर कुछ भी कहने से मना करते हुए कहा कि उन्हें कुछ नहीं पता। हालांकि ऑफ दि कैमरा प्रीती का कहना था कि ये बहुत ही दुख की खबर है कि रितिक और सुजैन अलग हो रहे हैं। धूम 3 का प्रमोशन कर रहे अभिषेक बच्चन का कहना है हमें रितिक रौशन और उनके परिवार की प्राइवेसी का ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने खासतौर पर मीडिया से रिक्वेस्ट की है कि इस समय वो उन्हें और उनके परिवार को अकेला छोड़ दें तो हमें इस बात की इज्जत करनी चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications
