रितिक परेशान हुए भारी तलवार
ऐतिहासिक किरदार निभाना अलग बात है और उनकी तरह होना बिल्कुल अलग. यही हाल अकबर बने रितिक रोशन का हो रहा है. उनके पास अच्छी खासी बॉडी है इसके बावजूद उन्हें तलवार उठाने में परेशानी हो रही है. उन्हें तलवार का वजन ज्यादा लग रहा है और शूटिंग करने में परेशानी हो रही है. अकबर के जीवन पर आधारित फिल्म 'जोधा-अकबर' का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर कर रहे हैं और इसके कला निर्देशक नितिन देसाई व फाइट मास्टर रवि दीवान हैं.
रितिक और ऐश्वर्या इसमें अकबर और जोधा की भूमिका निभा रहे हैं. रितिक को काफी समय से लग रहा था कि उन्हें शूटिंग के लिए जो तलवार दी जा रही है वह ज्यादा ही भारी है. पहले तो वे बहादुरी दिखाने के लिए बिना कुछ शिकायत किए ही भारी तलवार से शूटिंग करते रहे लेकिन जब वे ज्यादा समय तक इसे संभाल नहीं पाये तो फिर उन्होंने इसकी शिकायत रवि दीवान से की.
रितिक के लिए इस तलवार की डिजाइन नितिन देसाई ने तैयार की थी पर बाद में रितिक की मांग पर उन्हें हलकी तलवार उपलब्ध कराई गई. बहरहाल यूनिट के सदस्य इस बात से हैरान थे कि रितिक पूरी तरह फिट और तंदुरुस्त होने के बावजूद तलवार को क्यों नहीं संभाल पाये. लेकिन रितिक आधुनिक युग के एक आम इंसान हैं और उनसे यह अपेक्षा रखना कि वे अकबर या महाराणा प्रताप की तरह भारी तलवार और भाला भी उठा लेंगे, ज़्यादती नहीं है क्या?


Click it and Unblock the Notifications