Pic of the Day: ऋतिक रोशन और फराह खान ने वापस दोहराया इतिहास, शूटिंग से तस्वीरें वायरल
ऋतिक रोशन, थिएटर में वापस लौट चुके हैं। लेकिन किसी फिल्म की रिलीज़ के साथ नहीं, बल्कि एक एड फिल्म की शूटिंग के लिए। इस एड फिल्म को शूट कर रही हैं फराह खान और सेट से ऋतिक रोशन और फराह खान की तस्वीरें देखकर फैन्स काफी उत्साहित हो चुके हैं। दरअसल, इस एड शूट के लिए फराह खान और ऋतिक रोशन एक बार फिर से अपने ही मशहूर गाने को रिएक्रिएट करते दिखे।
फराह खान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जहां वो और ऋतिक रोशन, कहो ना प्यार है के मशहूर गाने इक पल का जीना के हुक स्टेप पर डांस करते दिखे। सालों बाद ऋतिक को इस स्टेप पर डांस करते देख फैन्स तो बस ये वीडियो देखते ही रह गए।

ऋतिक रोशन के साथ ये वीडियो शेयर करते हुए फराह खान ने लिखा - ये स्टेप, 21 साल पुराना है लेकिन आज भी उतना ही असरदार है। ठीक वैसे ही जैसे ऋतिक रोशन 21 साल से असरदार हैं। इस पोस्ट पर जहां फैन्स ऋतिक और फराह की जोड़ी की तारीफ कर रहे हैं वहीं स्टार्स भी ऋतिक के प्रति अपना प्यार जता रहे हैं।

फराह और ऋतिक की शुरूआत
ऋतिक रोशन के करियर की शुरूआत के साथ ही फराह खान जुड़ चुकी थीँ। उनकी पहली फिल्म कहो ना प्यार है की कोरियोग्राफी फराह खान ने ही की थी और ऋतिक को चांद सितारे फूल और खुश्बू की मासूमियत से इक पल का जीना के स्वैग तक मक्खन की तरह नचाने वाली भी फराह खान ही थीं।

ऋतिक और फराह की शानदार जोड़ी
फराह खान को अपने इशारों पर नचाने के लिए ऋतिक रोशन जैसा शानदार एक्टर मिला और इसके बाद इस जोड़ी ने साथ मिलकर धूम मचा दी। जहां एक तरफ इन्होंने शाहरूख खान के साथ temptations नाम का वर्ल्ड टूर किया वहीं दूसरी तरफ, कभी खुशी कभी ग़म में भी फराह ने एक साथ शाहरूख और ऋतिक को अपने इशारों पर नचाया।

बढ़ चली दोस्ती
इसके बाद ऋतिक रोशन और फराह खान की दोस्ती काफी पक्की हो गई। फराह खान ने ऋतिक रोशन की कई फिल्मों के लिए कोरियोग्राफी की। वहीं ऋतिक रोशन के डांस स्टेप्स लोगों में हमेशा ही वायरल हुए। इनमें से कुछ स्टेप्स को वायरल करने का श्रेय, फराह खान और उनकी टीम को भी जाता है।

साथ आने की कोशिश
जब फराह खान अपनी पहली फिल्म मैं हूं ना बना रही थीं तो वो शाहरूख खान और ऋतिक रोशन को भाईयों के तौर पर पेश करना चाहती थीं। लेकिन ऋतिक रोशन ने ये फिल्म अपनी पत्नी सुज़ैन खान के भाई ज़ाएद खान को दे दी। इसके सालों बाद पिछले साल फराह खान की सत्ते पे सत्ता रीमेक के लिए ऋतिक रोशन का नाम लगभग फाईनल ही माना जा रहा था। लेकिन एक बार फिर आखिरी मौके पर ऋतिक ने ये फिल्म छोड़ दी।

इस वजह से छोड़ी क्लासिक रीमेक
ऋतिक रोशन को जब फराह खान ने फिल्म का ड्राफ्ट भेजा तो फिल्म में मुख्य अभिनेता का डबल रोल हटा दिया गया था। फराह खान का ड्राफ्ट अंग्रेज़ी फिल्म Seven Brides for Seven Brothers पर आधारित था जिसमें मुख्य किरदार का डबल रोल नहीं था। सत्ते पे सत्ता इसी अंग्रेज़ी फिल्म पर आधारित थी लेकिन इस फिल्म में भारतीय दर्शकों के तड़के के लिए मुख्य किरदार का डबल रोल कर दिया गया था जिसे अमिताभ बच्चन ने निभाया था। जब ऋतिक के पास रीमेक का ड्राफ्ट पहुंचा तो ये सत्ते पे सत्ता का रीमेक होने की बजाय अंग्रेज़ी फिल्म का रीमेक निकली और ऋतिक ने इसे रिजेक्ट कर दिया।

फाईटर पर काम
अब ऋतिक रोशन, दीपिका पादुकोण के साथ सिद्धार्थ आनंद की फिल्म फाईटर पर काम करना शुरू कर चुके हैं। ऋतिक रोशन और सिद्धार्थ आनंद 2019 में वॉर के साथ इतिहास बना चुके हैं और उससे पहले बैंग बैंग के साथ। फाईटर, इस जोड़ी की तीसरी फिल्म है और फैन्स को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। खासतौर से इसलिए क्योंकि ऋतिक और दीपिका पादुकोण की जोड़ी को फैन्स काफी समय से एक साथ देखना चाहते हैं।

कृष 4 के साथ जुड़ा है नाम
इसके अलावा ऋतिक रोशन ने हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट के साथ ये तो कंफर्म कर दिया है कि कृष 4 आएगी। लेकिन कब, ये किसी को नहीं पता है। फिल्म पर काम शुरू हो चुका है, इस बात की पुष्टि खुद राकेश रोशन ने की थी। वहीं जब से ऋतिक रोशन ने भी कृष 4 की पुष्टि की है तब से फिल्म को लेकर ढेरों Fan Theories चर्चित हैं। अब इनमें से कोई फैन थ्योरी सच निकलती है या फिर कृष 4 की कहानी बिल्कुल अनोखी होगी, इसके लिए तो केवल फिल्म का ही इंतज़ार करना होगा।

रावण की अफवाहें
ऋतिक रोशन के नाम की अगर सबसे ज़्यादा चर्चा है तो वो है नितेश तिवारी की रामायण के लिए जिसमें दीपिका पादुकोण सीता का किरदार निभाते दिखेंगे। मधु मंटेना इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं और माना जा रहा है कि ऋतिक रोशन इस फिल्म में रावण का किरदार निभाने के लिए हामी भर चुके हैं। इन अफवाहों में कितनी सच्चाई है ये दीवाली पर पता चलेगा क्योंकि इस फिल्म का एलान दीवाली 2021 में होने वाला है।
ऋतिक रोशन और फराह खान को साथ डांस करते देख, हुमा कुरैशी जहां, ऋतिक रोशन के इस डांस पर दिल दे बैठी वहीं कैटरीना कैफ ने भी कोड भाषा में मम्मी लिखा। इसके अलावा, कार्तिक आर्यन ने सम्मान के साथ ऋतिक रोशन और फराह खान को लेजेंड बताया तो वहीं नेहा कक्कड़ और संजय कपूर भी ऋतिक रोशन और फराह खान की जोड़ी की तारीफ करते दिखे।


Click it and Unblock the Notifications