एक बार फिर कॉमेडी कर रहे हैं अक्षय

अभिनेता अक्षय कुमार का कहना है कि आजकल कॉमेडी फ़िल्में करने में ज़्यादा मज़ा आता है क्योंकि इसमें आप हीरो के रूप में नहीं एक किरदार के रूप में नज़र आते हैं."
फ़िल्म 'हे बेबी' के बाद निर्देशक साजिद ख़ान और अभिनेता अक्षय कुमार ने एक बार फिर साथ काम किया है.
फ़िल्म का नाम है 'हाउसफ़ुल' और अक्षय के अलावा इसमें दिखाई दे रहे हैं दीपिका पादुकोण, लारा दत्ता, जिया ख़ान, अर्जुन रामपाल और रितेश देशमुख.
अक्षय कुमार इस फ़िल्म में एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं जिसका भाग्य अक्सर उसका साथ नहीं देता. फिर वो सच्चे प्यार की तलाश करने लगता है क्योंकि उसे लगता है कि इससे उसकी तक़दीर में फेरबदल हो जाएगा. फिर शुरु होता है झूठ और फ़रेब का एक हास्यापद सिलसिला.
अक्षय कुमार का कहना है, "इस फ़िल्म में मेरा किरदार और मेरी निजी ज़िंदगी बहुत मिलते-जुलते हैं. मैंने भी ज़िंदगी में कई बाज़ियां हारी हैं."
वह कहते हैं, 'हे बेबी' के बाद साजिद ख़ान के निर्देशन में काम करना बहुत अच्छा रहा. 'हे बेबी' तो काफ़ी चली थी. 'हाउसफ़ुल' चले या न चले हमें इस फ़िल्म को बनाने में बहुत संतोष मिला."
अक्षय कुमार ने शुरुआत तो एक ऐक्शन हीरो के तौर पर की थी लेकिन अब उन्हें बेहतरीन कॉमेडी करने के लिए भी जाना जाता है.
निर्देशक साजिद ख़ान कहते हैं कि अक्षय कुमार के साथ काम करना एक ख़ास अनुभव होता है.
उनका कहना है, "अक्षय कुमार एक बुरी आदत हैं. आप एक बार उनके साथ काम कर लें तो फिर किसी और के साथ काम करने का मन नहीं करता."
साजिद ख़ान ने बताया कि उन्होंने इस फ़िल्म के लिए बहुत सारी लोकेशन में शूट किया है. फ़िल्म में हर आधे-पौने घंटे में एक नई लोकेशन देखने को मिलेगी.
साजिद ख़ान ने कहा, "हमने इटली, यूके, हांग-कांग, मकाऊ और गुजरात में शूट किया और इसमें कुल 67 दिन लगाए."
इस फ़िल्म का संगीत दिया है शंकर-एहसान लॉय ने और गीत लिखे हैं समीर और अमिताभ भट्टाचार्य ने.


Click it and Unblock the Notifications