ऑस्कर की रेस में शामिल 'होमबाउंड' पर लगा चोरी का आरोप! ऑथर ने कहा- 'मेरी किताब से उठाए सीन और डायलॉग'
Homebound movie controversy: नीरज घायवान के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'होमबाउंड' इन दिनों कानूनी विवादों में फंस गई है। ईशान खट्टर और विशाल जेठवा स्टारर इस फिल्म को करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है और यह फिलहाल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। फिल्म पर आरोप है कि इसकी कहानी एक किताब से कॉपी की गई है।

पत्रकार और लेखिका पूजा चंगोईवाला ने धर्मा प्रोडक्शंस और नेटफ्लिक्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। पूजा का कहना है कि फिल्म 'होमबाउंड' उनकी साल 2021 में पब्लिश इसी नाम की किताब से काफी हद तक मिलती-जुलती है। उनके मुताबिक, फिल्म में सिर्फ टॉपिक ही नहीं बल्कि कई सीन, डायलॉग और कहानी का स्ट्रक्चर भी उनकी किताब से लिया गया है।
कोविड पलायन से जुड़ा है मामला
पूजा ने माना कि उनकी किताब और फिल्म दोनों ही 2020 के कोविड लॉकडाउन के दौरान हुए प्रवासी मजदूरों के पलायन से प्रेरित हैं। लेकिन उनका कहना है कि फिल्म में समानता केवल इस घटना तक सीमित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि फिल्म के दूसरे कई हिस्से भी उनकी किताब से साफ-साफ प्रेरित साफ नजर आते हैं।
लीगल नोटिस और जवाब
ऑथर के वकील ने 15 अक्टूबर को धर्मा प्रोडक्शंस को लीगल नोटिस भेजा था। इसमें सीन-दर-सीन बताया गया कि कैसे फिल्म ने उनके बौद्धिक अधिकारों का उल्लंघन किया है। पूजा का आरोप है कि इसके बावजूद प्रोडक्शन हाउस ने आरोप स्वीकार नहीं किए और फिल्म को नेटफ्लिक्स पर कंटीन्यू रखा गया।
पूजा चंगोईवाला ने कहा कि बड़ी कंपनियों के खिलाफ जाना आसान नहीं होता, लेकिन लेखकों को अपने काम को सेक्योर रखने के लिए आवाज उठानी जरूरी है। उन्होंने इसे अपने क्रिएटिव अधिकारों की लड़ाई बताया।
विवाद के बीच ऑस्कर की दौड़
कानूनी विवाद के बावजूद 'होमबाउंड' को इंटरनेशनल लेवल पर बड़ी पहचान मिली है। फिल्म को ऑस्कर 2026 की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में टॉप 15 फिल्मों में जगह मिली है।
फिल्म की कहानी
'होमबाउंड' दो बचपन के दोस्तों शोएब और चंदन की कहानी है, जिनका सपना पुलिस में भर्ती होने का होता है। फिल्म दोस्ती, जिम्मेदारी और सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों को दिखाती है। इसमें जाह्नवी कपूर भी अहम रोल में हैं।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर धर्मा प्रोडक्शंस और नेटफ्लिक्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


Click it and Unblock the Notifications











