मुंबई- पुणे एक्सप्रेस वे पर हिमेश रेशमिया की कार का एक्सीडेंट- ड्राइवर की हालत गंभीर
मंगलवार को सिंगर- म्यूजिक डाइरेक्टर हिमेश रेशमिया की कार का एक्सीडेंट हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा सुबह सुबह मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर हुआ। एक्सीडेंट में उनके ड्राइवर को काफी चोट आई है, उनकी हालत गंभीर है। ड्राइवर राम रंजन मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। इस हादसे के बाद हिमेश की हालत कैसी है, फिलहाल इसकी रिपोर्ट नहीं आई है। इस एक्सीडेंट की जांच की जा रही है।
हिमेश रेशमिया बॉलीवुड इंडस्ट्री का जाना माना नाम हैं। बतौर सिंगर और म्यूजिक डाइरेक्टर वह कई हिट गाने दे चुके हैं। वह इन दिनों सोनी चैनल पर प्रसारित रियलिटी शो सुपर स्टार सिंगर शो को जज कर रहे हैं। हिमेश के साथ अलका याग्निक और जावेद अली भी शो के जज हैं। इससे पहले हिमेश सारेगामापा लिटिल चैंम्प्स, द वॉयस ऑफ इंडिया किड्स को भी जज कर चुके हैं।

बता दें, हिमेश रेशमिया को सलमान खान ने अपनी फिल्म जब प्यार किया तो डरना क्या से बॉलीवुड में ब्रेक दिया था। अपनी कामयाबी के पीछे वह हमेशा सलमान का जिक्र करते आए हैं। हाल ही में 'द कपिल शर्मा शो' में वह अलका याग्निक और जावेद अली के साथ आए थे, यहां भी उन्होंने सलमान खान के प्रति आभार व्यक्त किया था।


Click it and Unblock the Notifications