कितनी अलग होगी मधुर भंडारकर की ये नई 'हिरोइन'?
बैंगलोर। करीना कपूर का कहना है कि 'हिरोइन' उनकी अब तक की सबसे बेहतरीन फिल्म होगी। 'चमेली' से लेकर 'जब वी मेट' तक में करीना अलग अलग किरदारों में नज़र आईं हैं लेकिन इस फिल्म में करीना एक ऐसा किरदार करेंगी जो उनके दिल के बेहद करीब है। निर्देशक मधुर भंडारकर की बात करें तो अब तक की उनकी ये तीसरी फिल्म होगी जिसमें उन्होने फिल्म इंडस्ट्री के ग्लैमर और चकाचौंध के पीछे एक्ट्रेसेस की जिंदगी का असली रुप दिखाया है।
इससे पहले 2008 में रिलीज हुई मधुर भंडारकर की फिल्म 'फैशन' में भी बॉलीवुड की अभिनेत्रियों की जिंदगी परदे पर और परदे के पीछे दिखाई गई थी। जिसमें प्रिंयका चोपड़ा, कंगना रानावत ने बड़ी ही अदाओँ और पैशन के साथ टॉप एक्ट्रेसेस की जिंदगी को परदे पर उतारा था।
उससे भी थोड़ा आगे जाएं तो 2005 में रिलीज हुई 'पेज 3' फिल्म में कोंकड़ा सेन शर्मा के साथ तारा शर्मा ने भी कुछ इसी तरह का किरदार निभाया था और फिल्म का मु्ख्य मुद्दा यही था कि फिल्मी सितारों की ग्लैमरस जिंदगी सिर्फ परदे पर ही खूबसूरत नज़र आती है असल में उनकी जिंदगी बहुत ही बद्सूरत होती है। यह चमक रोशनी सिर्फ परदे तक ही सीमित होती है। स्टेज के पीछे जाते ही सारी खूबसूरती खत्म हो जाती है और रह जाता है सिर्फ अंधेरा और अकेलापन।
इन दोनों फिल्मों के अलावा हाल ही में निर्देशक मिलन लूथरिया की फिल्म 'दि डर्टी पिक्चर' में भी साउथ की एक फिल्म एक्ट्रेस सिल्क स्मिथा की जिंदगी की कहानी को बड़ी ही खूबसूरती से बड़े परदे पर उतारा गया था। विद्या बालन की एक्टिंग ने पूरी फिल्म में जान डाल दी थी और साथ ही इस फिल्म में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए विद्या को बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड भी मिला।
इसी तर्ज पर अब एक बार फिर से मधुर भंडाकर एक नयी फिल्म 'हिरोइन' लेकर आए हैं। इस फिल्म में करीना कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई है या यूं कहें कि करीना ने इस फिल्म में बॉलीवुड अभीनेत्रियों की रील और रियल लाईफ को अपने एक्टिंग के बल पर दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की है। लेकिन करीना कपूर के सामने इस बार बहुत बड़ी चुनौती है। 'फैशन' की प्रिंयका और कंगना रानावत, 'पेज 3' की कोंकड़ा सेन शर्मा और तारा शर्मा और 'दि डर्टी पिक्चर' की विद्या बालन के बाद अब करीना किस अंदाज में बॉलीवुड की अभिनेत्रियों की जिंदगी को परदे पर जीती हैं यही इस फिल्म का सबसे मुख्य पार्ट होगा।
मधुर भंडारकर की ये नई 'हिरोइन' मधुर की और मिलन लूथरिया की ्ब तक की हिरोइनों से किस तरह अलग होगी ये जानने के लिए दर्शकों से साथ-साथ पूरा मीडिया उत्सुक है। फिल्हाल इसके ट्रेलर देख कर तो यही लगता है कि कहानी चाहे मिलती जुलती हो पर करीना का अंदाज जरुर अब तक की हिरोइनों से हटकर होगा। फिल्म में करीना कपूर पर 'हल्कट जवानी' जैसा हॉट नंबर भी फिल्माया गया है साथ ही हाथ में सिगरेट और शराब का गिलास लिए करीना का बिंदास अंदाज भी 'हिरोइन' की जिंदगी का एक डार्क शेड दिखलाता है।


Click it and Unblock the Notifications











