हेमा मालिनी ने नहीं देखी धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म, बोलीं- हिम्मत नहीं जुटा पा रही हूं, जब दिल का दर्द...
Hema Malini Ikkis: दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की अंतिम फिल्म 'इक्कीस' इन दिनों सिनेमाघरों में लगी हुई है। फिल्म को रिव्यूअर्स से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी परफॉमेंस एवरेज ही रही है। इसी बीच धर्मेंद्र की पत्नी और जानी-मानी अभिनेत्री हेमा मालिनी ने खुलासा किया है कि उन्होंने अब तक यह फिल्म नहीं देखी है।

हेमा मालिनी ने हाल ही में एक बातचीत के दौरान बताया कि जब फिल्म रिलीज हुई थी, उस समय वह मथुरा में थीं। वहां उनके कुछ काम चल रहे थे। उन्होंने कहा कि अभी यह फिल्म देखना उनके लिए आसान नहीं है, क्योंकि यह उन्हें भावनात्मक रूप से बहुत तोड़ देगी।
हेमा मालिनी ने कहा, "मैं अभी यह फिल्म देखने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हूं। मेरी बेटियां भी यही कह रही हैं कि थोड़ा समय लगने दें। शायद जब दिल का दर्द कुछ कम होगा, तब मैं यह फिल्म देख पाऊंगी।"
गौरतलब है कि अभिनेता धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर को मुंबई में उनके आवास पर हुआ था। वह लंबे समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे। इससे पहले उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से बाद में उन्हें घर लाया गया। घर पर इलाज के दौरान ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
फिल्म 'इक्कीस' का निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है। यह फिल्म परमवीर चक्र विजेता सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। अरुण खेत्रपाल की भूमिका में अगस्त्य नंदा नजर आ रहे हैं, जबकि धर्मेंद्र ने उनके पिता का किरदार निभाया है।
फिल्म में धर्मेंद्र के अभिनय की खूब तारीफ हो रही है। उनके साथ सिमर भाटिया और जयदीप अहलावत भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











