हेमा जन्मदिन पर पति धर्मेंद्र संग नजर आईं हेमा मालिनी, बोलीं- उनका साथ अच्छा लगता है
बॉलीवुड की 'ड्रीम गर्ल' हेमा मालिनी ने रविवार, 16 अक्टूबर को अपना 74वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उनके शुभचिंतक और फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें ढेरों बधाइयां दी। हेमा मालिनी ने भी अपने जन्मदिन को बेहद खास अंदाज में मनाया। वहीं, सोशल मीडिया पर उन्होंने धर्मेंद्र के साथ अपनी दो तस्वीरें भी शेयर की, जो वायरल हो रही हैं।

हेमा मालिनी ने अपना 74वां जन्मदिन धर्मेंद्र के साथ मनाया। हेमा मालिनी द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में दोनों मुस्कुरा रहे हैं और कैमरे के सामने पोज देते नजर आ रहे हैं। हेमा मालिनी जहां गुलाबी रंग की बेहद खूबसूरत साड़ी में नजर आ रही हैं वहीं, धर्मेंद्र भी गुलाबी रंग की शर्ट में नजर आ रहे हैं।
इन दोनों की यह खूबसूरत तस्वीर हर किसी को कपल गोल्स देती है। 74 साल की उम्र में भी हेमा मालिनी की खूबसूरती के आगे नई पीढ़ी की अभिनेत्रियां भी कहीं टिकती नहीं नजर आती हैं। हेमा मालिनी ने तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा है- 'मेरे जन्मदिन पर अपने धरम जी के साथ रहना हमेशा अच्छा लगता है।'
बता दें कि हेमा मालिनी और धर्मेंद्र ने 1980 में शादी रचाई थी। धर्मेंद्र हालांकि, पहले से शादीशुदा थे और चार बच्चों के पिता भी थे। वहीं, हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं। ईशा देओल ने फिल्मों में डेब्यू किया लेकिन, इन दिनों वो बड़े पर्दे से दूर अपनी जिंदगी एन्जॉय कर रही हैं तो वहीं, अहाना देओल भी लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं।


Click it and Unblock the Notifications












