'हेल्प' का म्यूज़िक लॉन्च

बॉबी देयोल और मुग्धा गोडसे के अभिनय से सजी फ़िल्म 'हेल्प' का संगीत मुंबई में रिलीज़ किया गया.
'हेल्प' एक हॉरर फ़िल्म है जो कि एक दुष्ट आत्मा पर आधारित है और इसका निर्देशन किया है राजीव वीरानी ने.
फ़िल्म के बारे में बॉबी देओल का कहना है, "आजकल भारत में हॉरर फ़िल्में ज़्यादा बनती नहीं है लेकिन दर्शकों का एक तबका है जो इस विषय में दिलचस्पी रखता है, इसीलिए हमने ये फ़िल्म बनाने की सोची."
"इस फ़िल्म में एक गाना ऐसा है जिसमें हम सब भूत के जैसे दिख रहे हैं. मैं अपनी तस्वीर देखकर ही डर गया."
ये फ़िल्म 13 अगस्त को रिलीज़ की जा रही है जो कि शुक्रवार का दिन है.
बॉबी ने इसका कारण बताते हुए कहा, "दरअसल एक कहावत है कि फ़्राइडे द 13 यानि शुक्रवार को पड़ने वाली 13 तारीख़ एक अशुभ दिन होता है. इसे भूत-प्रेतों से जोड़कर देखा जाता है. तो हमने सोचा क्यों न इस हॉरर फ़िल्म को इसी दिन रिलीज़ किया जाए."
ये पहली बार है कि बॉबी देयोल किसी हॉरर फ़िल्म में काम कर रहे हैं.
बॉबी कहते हैं कि फ़िल्म का नाम 'हेल्प' इसलिए रखा गया है क्योंकि फ़िल्म में कई बार लोगों को हेल्प यानि मदद की ज़रूरत पड़ती है.
फ़िल्म की अभिनेत्री मुग्धा गोडसे कहती हैं कि उन्हें भूत-प्रेत में विश्वास है.
वह कहती हैं, "मैंने जब इस फ़िल्म की कहानी पढ़ी तो मैं बहुत उत्साहित हुई क्योंकि मुझे भूतों पर विश्वास है और ये कहानी बढ़िया है."
बॉबी देयोल काफ़ी समय बाद किसी फ़िल्म में नज़र आएंगे. इसके अलावा भी वो कम ही नज़र आते हैं.
बॉबी कहते हैं, "मैं तभी मीडिया से बात करना पसंद करता हूं जब मेरी कोई फ़िल्म रिलीज़ हो रही हो. इसके अलावा मैं अपनी निजी ज़िंदगी में ख़ुश हूं."
रुपाली ओम एटंरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फ़िल्म की ज़्यादातर शूटिंग मॉरिशियस में हुई है.


Click it and Unblock the Notifications