आज भी सौतन के साथ रहकर उसके पांच बच्चे पालती है ये सुपरस्टार, टॉप खानदान की बहू, कभी थी हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस

Salim Khan Helen Wedding: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स की कहानियां तो आपने बहुत सुनी होंगी, लेकिन आज हम आपको एक ऐसी कहानी से रूबरू करवाते हैं जिसमें दर्द भी है और ढेर सारी खुशियां भी। ये कहानी है एक ऐसी एक्ट्रेस की, जिसने न सिर्फ सिनेमा में अपनी पहचान बनाई, बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी हमेशा सुर्खियों में रहीं। आइए मिलते हैं 86 साल की इस दिग्गज अभिनेत्री से।
ये कहानी बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के परिवार से ताल्लुक रखने वाली एक ऐसी अभिनेत्री की है, जो एक दौर में सबसे ज्यादा फीस पाने वाली आइटम गर्ल हुआ करती थीं। निजी जिंदगी में उन्होंने काफी संघर्ष झेला, गरीबी देखी, तलाक का दर्द सहा और मां बनने का सुख भी न मिल सका। लेकिन आज उनका जीवन पूरी तरह से खुशहाल है, उनका एक भरा-पूरा परिवार है और वे सुकून से अपनी जिंदगी जी रही हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में भी एक यादगार और कामयाब सफर तय किया है।
हेलेन का असली नाम
ये कहानी किसी और की नहीं, बल्कि सलमान खान की सौतेली मां हेलेन की है। बहुत कम लोगों को ये बात पता है कि सलीम खान, हेलेन के पहले पति नहीं थे। उनसे पहले भी हेलेन की शादी हो चुकी थी। सलीम खान उनके दूसरे पति बने। हेलेन का असली नाम हेलेन एन रिचर्डसन (Helen Ann Richardson) है।
हेलेन ने किया 1000 फिल्मों में काम
हेलेन ने कई फिल्मों में आइटम नंबर किए, कुछ में उन्होंने सपोर्टिंग रोल निभाए और कुछ फिल्मों में गेस्ट अपीयरेंस भी दी। अपने अभिनय और डांस से उन्होंने दर्शकों का दिल जीता और दो फिल्मफेयर अवॉर्ड अपने नाम किए। साल 2009 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया।
हेलेन भारत क्यों आईं
हेलेन की पहचान सिर्फ सलमान खान या सलीम खान तक सीमित नहीं है। उन्होंने अपनी मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा के दम पर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। हेलेन ने जीवन में काफी दर्द झेला और कई मुश्किलों का सामना करते हुए अपना करियर संवारा। वो किसी की पहचान की मोहताज नहीं हैं। हेलेन का जन्म बर्मा में हुआ था। उनके पिता का नाम जॉर्ज डेसमियर और मां का नाम मर्लिन था। बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया। बाद में उनकी मां ने एक ब्रिटिश सैनिक से विवाह किया, लेकिन दुर्भाग्यवश दूसरे विश्व युद्ध में उनके सौतेले पिता की भी मृत्यु हो गई। इस तरह, हेलेन ने बहुत कम उम्र में अपने जीवन में दो बार पिता का साया खो दिया।
हेलेन कैसे बन गईं डांसर
हेलेन की मां ने बेहद कठिन हालात में अपने बच्चों की परवरिश की। वो मुश्किलों से जूझते हुए किसी तरह बर्मा से कोलकाता पहुंचीं और वहां नर्स की नौकरी कर बच्चों का पालन-पोषण शुरू किया। इसी दौरान उनकी मुलाकात बैकग्राउंड डांसर कुकू मोरे से हुई। कुकू ने हेलेन को फिल्मों में डांस करने का पहला मौका दिलवाया। इसके बाद हेलेन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और डांस की दुनिया में एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड कायम किए।
हेलेन के आइटम सॉन्ग
'मेरा नाम चिन चिन चू', 'यम्मा यम्मा', 'ओ हसीना जुल्फों वाली' और 'पिया तू अब तो आजा' जैसे कई हिट गानों से हेलेन ने पूरे देश को झूमने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने न सिर्फ आइटम सॉन्ग्स में धमाल मचाया, बल्कि कई फिल्मों में शानदार अभिनय भी किया। एक दौर ऐसा भी आया जब हेलेन इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली आइटम गर्ल बन गई थीं, और बड़े-बड़े डायरेक्टर-प्रोड्यूसर उन्हें अपनी फिल्मों में लेने के लिए कतार में खड़े रहते थे।
हेलेन के पहले पति
अब बात करते हैं हेलेन की निजी जिंदगी की, जिसमें उन्होंने पहली शादी फिल्म निर्माता और निर्देशक प्रेम नारायण अरोड़ा से की थी। प्रेम नारायण ने 'चोर बाजार', 'खजांची' और 'रेल का डिब्बा' जैसी फिल्में बनाई थीं। हेलेन और उनके बीच उम्र का अंतर 27 साल था। यह शादी लगभग 16 साल तक चली, लेकिन समय के साथ दोनों के रिश्तों में दूरियां आने लगीं। आखिरकार 1974 में दोनों ने तलाक लेने का फैसला किया।
हेलेन बनीं चार सौतेले बच्चों की मां
हेलेन की ज़िंदगी में इसके बाद मशहूर लेखक सलीम खान की एंट्री हुई, जो उस वक्त पहले से ही शादीशुदा थे। उनकी पहली पत्नी सुशीला चरक थीं, जिन्हें लोग सलमा खान के नाम से जानते हैं। सलीम और सलमा के चार बच्चे हैं-सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान। जब सलीम खान ने हेलेन से शादी की, तो सलमा और उनके बच्चे नाराज़ हो गए थे। हालांकि वक्त के साथ हालात बदले और धीरे-धीरे परिवार ने हेलेन को स्वीकार कर लिया।
हेलेन ने गोद ली बेटी
हेलेन और सलीम खान के अपने कोई संतान नहीं है, लेकिन दोनों ने अर्पिता खान को दिल से अपनाया और गोद लिया। आज सलीम खान का पूरा परिवार, दोनों पत्नियां और सभी बच्चे, एक साथ मिलकर रहते हैं। हेलेन को सभी बच्चे अपनी मां की तरह मानते हैं, और हेलेन ने भी उन्हें सगी मां से बढ़कर स्नेह और परवरिश दी है।


Click it and Unblock the Notifications




















